पीड़ित को वापस मिले 14 हजार रुपये:मऊ पुलिस ने साइबर अपराध से ठगी रकम वापस दिलाई

मऊ पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। रानीपुर स्थित साइबर क्राइम पुलिस थाने ने एक पीड़ित को यूपीआई के माध्यम से गलती से ट्रांसफर हुए 14,000 रुपये वापस दिलाए हैं। जानकारी के अनुसार, नगपुर, थाना रानीपुर, जनपद मऊ निवासी सतीश कुमार पुत्र गिरजा प्रसाद के खाते से भूलवश 14,000 रुपये एक अनजान व्यक्ति के खाते में चले गए थे। सतीश कुमार द्वारा मामले की सूचना दिए जाने के बाद, पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पुलिस थाना रानीपुर की टीम सक्रिय हुई। टीम ने अथक प्रयास कर पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराई। अपनी धनराशि वापस मिलने पर सतीश कुमार ने पुलिस के उच्चाधिकारियों और साइबर क्राइम पुलिस थाना रानीपुर के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। आपके साथ भी कोई साइबर फ्रॉड हो जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।