पीलीभीत टाइगर रिजर्व में दिखे बाघ और भालू, VIDEO:पर्यटकों ने कैमरे में कैद किया, वन्यजीवों के रोमांचक पल

पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) इन दिनों पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हाल ही में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघों का एक परिवार और एक भालू देखने को मिला। इन वन्यजीवों के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जो पीलीभीत के जंगलों में वन्यजीवों की मौजूदगी को दर्शाते हैं। वायरल हुए एक वीडियो में, बाघों का एक परिवार पर्यटकों की जिप्सी के सामने कच्ची सड़क पर आ गया। वीडियो में एक बाघ धीमी गति से सड़क पार करता दिख रहा है। इस दौरान सफारी गाड़ी में सवार पर्यटकों ने इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद किया।
एक अन्य वीडियो में, जंगल के एक हिस्से में एक भालू को मस्ती करते देखा गया। भालू पर्यटकों की उपस्थिति से अप्रभावित होकर अपनी गतिविधियों में व्यस्त रहा। वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक ही सफारी में बाघ और भालू दोनों के दर्शन दुर्लभ माने जाते हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही तेजी से वायरल हो गए। लोग पीलीभीत टाइगर रिजर्व की जैव-विविधता की सराहना कर रहे हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, बाघों की बढ़ती संख्या और बेहतर होते पारिस्थितिकी तंत्र के कारण अब यहां वन्यजीवों का दिखना आसान हो गया है।