पीलीभीत में अश्लील डांस पार्टी का VIDEO:भोजपुरी गानों पर लगे ठुमके, जांच में जुटी पुलिस

पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में पुलिस के नियमों को दरकिनार करते हुए एक डांस पार्टी आयोजित की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवतियां ‘कमरिया ऐठे लागी हो’ जैसे गानों पर अशोभनीय अंदाज़ में नाचती हुई दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा, लेकिन आश्चर्य की बात यह रही कि पूरे आयोजन की भनक स्थानीय पुलिस को तक नहीं लगी। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब पुलिस प्रशासन को इस तरह के आयोजनों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब गांव में पूरी रात अश्लील डांस चलता रहा, तो पुलिस ने तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की। जहानाबाद थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि उन्हें इस आयोजन की जानकारी अब मिली है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं।