पीलीभीत में किशोरी से गैंगरेप कर बनाया वीडियो:पीड़िता की मां ने दर्ज कराया पांच नामजद आरोपियों पर केस

पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर गांव के पांच युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 21 जनवरी की रात करीब 11 बजे हुई। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि गांव के अवनीश कुमार ने उनकी बेटी को फोन कर घर से बाहर बुलाया। जब किशोरी बाहर पहुंची, तो वहां प्रशांत पहले से मौजूद था। अवनीश किशोरी को फुसलाकर हर्ष उर्फ विनीत के घर ले गया। आरोप है कि प्रशांत ने इसकी जानकारी अपने अन्य मित्रों विकास, शरद और सुमित को दी। इसके बाद ये चारों युवक भी हर्ष के घर पहुंचे। वहां से विकास किशोरी को पास ही स्थित एक सुनसान खंडहर में ले गया। खंडहर में मुख्य आरोपी प्रशांत ने अन्य साथियों की मदद से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि शरद और सुमित ने किशोरी के कपड़े उतारने में प्रशांत की मदद की। विकास ने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो बनाया। वारदात के बाद किशोरी घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया। थाना अध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने जानकारी दी कि पीड़िता की मां की तहरीर पर अवनीश, प्रशांत, विकास, शरद और सुमित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।