पीलीभीत में क्रिकेट मैच के दौरान विवाद:जातिसूचक टिप्पणी पर चले लाठी-डंडे, 6 लोग घायल

पीलीभीत के माधोटांडा थाना क्षेत्र के सिमरा गांव में रविवार को एक क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में महिलाओं समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सिमरा गांव में स्थानीय टीम और पड़ोसी गांव राजपुर की टीम के बीच क्रिकेट मैच खेला जा रहा था। खेल के दौरान सिमरा टीम के खिलाड़ियों पर राजपुर टीम के खिलाड़ियों के प्रति कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप है। राजपुर के खिलाड़ियों ने जब इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते सिमरा गांव के कई लोग मैदान पर जमा हो गए और उन्होंने राजपुर के खिलाड़ियों पर हमला कर दिया। इस दौरान मैदान पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में राजपुर पक्ष से जितेंद्र, रामकुमारी, सुशील और विजय घायल हुए। वहीं, सिमरा पक्ष से सचिन और लज्जावती को चोटें आईं। राजपुर टीम के खिलाड़ियों ने किसी तरह गांव से भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को इलाज और डॉक्टरी परीक्षण के लिए माधोटांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। घटना के संबंध में राजपुर निवासी सुशील ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें सचिन, नन्कू, जयकरन, अंकित, अरविंद यादव, दंगल सिंह और सुखवीर यादव सहित सात लोगों को नामजद किया गया है। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि उन्हें मैच के दौरान हुए विवाद की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है और मामले की जांच जारी है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।