पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक चलती स्कूटी में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक को अपनी जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से कूदना पड़ा। इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह घटना जहानाबाद थाना क्षेत्र के दलेलगंज गांव के पास हुई। एक युवक अपनी स्कूटी से घर जा रहा था। दलेलगंज के पास पहुंचते ही उसे स्कूटी से धुआं निकलता महसूस हुआ। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, स्कूटी के अगले हिस्से से आग की लपटें निकलने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्कूटी से छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। कुछ ही मिनटों में स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहगीरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जहानाबाद के थानाध्यक्ष प्रदीप बिश्नोई ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह मामला शॉर्ट सर्किट से जुड़ा प्रतीत होता है। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और चालक पूरी तरह सुरक्षित है। इस घटना ने दोपहिया वाहनों की सुरक्षा और उनकी सर्विसिंग के महत्व को उजागर किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, वाहन चालकों को पुरानी या कटी-फटी वायरिंग की नियमित जांच करानी चाहिए, क्योंकि यह शॉर्ट सर्किट का मुख्य कारण बनती है। अनाधिकृत एक्सेसरीज जैसे फैंसी लाइट या हॉर्न बैटरी पर अनावश्यक दबाव डाल सकते हैं। इसके अतिरिक्त, यदि वाहन से जलने की गंध आए या धुआं निकले, तो तुरंत वाहन को किनारे रोककर जांच करानी चाहिए।