पीलीभीत में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला को रौंदा, मौत:चैती मेले से लौटते समय हुआ हादसा, गाड़ी लेकर ड्राइवर फरार

पीलीभीत में चैती मेले से लौट रहे एक दंपति को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति सुरक्षित बच गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया। मामला दियोरिया कला थाना क्षेत्र का है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गंगापुरी निवासी लेखराज राजपूत अपनी पत्नी पार्वती देवी (45) के साथ इलावांस देवल में प्रसिद्ध चैती मेला देखने गए थे। बुधवार को घर लौटते समय दियोरिया कला क्षेत्र के पैनियां हिम्मत गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पार्वती देवी बाइक से सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) दियोरिया कला ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष गौतम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी की गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने चैती मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सड़क पर वाहनों के अनियंत्रित आवागमन को लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि भारी वाहनों की तेज गति और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर पुलिस की ढिलाई के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।