पीलीभीत के देवहा नदी पुल के पास बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष पाए गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर बरखेड़ा थाना पुलिस टीम और एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडे तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पशु पालन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। जिसने घटनास्थल से सैंपलिंग की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गाजीपुर कुंडा गांव के पास का है। एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडे ने बताया कि उन्हें पशुओं के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। प्रशासनिक टीमें मौके पर हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पशु पालन विभाग द्वारा सैंपल लेने के बाद, मिले अवशेषों को जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर दफनाया गया। ताकि संक्रमण न फैले और स्थिति नियंत्रित रहे। घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि रविवार देर शाम सूचना मिली थी कि नदी में कुछ पशुओं के शव देखे गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में शव गोवंशीय प्रतीत हो रहे हैं। इस मामले में बरखेड़ा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दोषियों की तलाश में जुटी है।