पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र के जतीपुर गांव में मामूली विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाने पर परिजनों और डॉक्टरों के बीच नोकझोंक हो गई। इस घटना में महेंद्रपाल नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार जतीपुर निवासी महेंद्रपाल का दूसरे समुदाय के कुछ युवकों से विवाद हो गया था। बताया गया कि दोपहर में जब दोनों पक्ष मामले को लेकर पुलिस चौकी जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपियों ने महेंद्रपाल को घेर लिया और उसकी दोबारा पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए अन्य ग्रामीणों को भी हमलावरों ने पीट दिया। घायल महेंद्रपाल को परिजन और ग्रामीण तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने पुलिस सूचना (मेमो) के बिना इलाज शुरू करने से इनकार कर दिया, जिससे गुस्साए परिजनों और डॉक्टरों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। घटना की सूचना मिलने पर हनुमान दल सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान सीएमएस डॉ. रमाकांत सागर से उनकी तीखी बहस हुई और अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में परिजन घायल को एक निजी अस्पताल ले गए। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नताशा गोयल दो थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार बिश्नोई ने बताया- दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस पूरी घटना की गहनता से जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी और स्थानीय पुलिस तैनात है।