पीलीभीत में वनकर्मी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार:रेत ट्रकों से अवैध वसूली का खुलासा, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई

पीलीभीत में वन विभाग के एक कर्मचारी को रेत के ट्रकों से अवैध वसूली करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। बरेली से आई भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने गुरुवार को माधोटांडा क्षेत्र के लालपुल बॉर्डर पर यह कार्रवाई की। इस गिरफ्तारी से पूरे वन विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, माधोटांडा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया संतोष निवासी ट्रक चालक फैय्याज ने शिकायत दर्ज कराई थी। फैय्याज का आरोप था कि जब भी वह उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते हैं, तो महोफ रेंज के लालपुल बॉर्डर पर तैनात न्यूनतम वेतन कर्मी संजीव कुमार उनसे ट्रक पास करने के नाम पर अवैध वसूली करता है। टीम ने लालपुल चेक पोस्ट के पास बिछाया जाल ट्रक चालक फैय्याज ने बार-बार की प्रताड़ना से तंग आकर बरेली स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो में इसकी लिखित शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने गोपनीय जांच की और आरोपों को सही पाया। गुरुवार को ट्रैप प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में टीम ने लालपुल चेक पोस्ट के पास जाल बिछाया। जैसे ही संजीव कुमार ने ट्रक चालक से 5,000 रुपए की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। उसके पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी संजीव कुमार को माधोटांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहाँ उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम की तहरीर के आधार पर आरोपी संजीव कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस और एंटी करप्शन टीम अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध वसूली के खेल में और कौन-कौन से अधिकारी या कर्मचारी शामिल थे।