पीलीभीत में होटल में कारीगर को दबंगों ने पीटा:युवकों के बाइक पैर पर चढ़ाने की घटना CCTV में कैद

पीलीभीत के बरखेड़ा कस्बे में दबंगों ने एक मिठाई के होटल में घुसकर कारीगर की बेरहमी से पिटाई कर दी। यह घटना ब्लॉक तिराहे पर हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पीड़ित कारीगर प्रवेश कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि यह घटना रविवार दोपहर की है। प्रवेश ब्लॉक तिराहे पर स्थित एक होटल में मिठाई बनाने का काम करता है। दोपहर में जब वह होटल के बाहर खड़ा था, तभी कस्बे के निवासी रितिक और मनीष मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने जानबूझकर अपनी बाइक प्रवेश के पैर पर चढ़ा दी। जब प्रवेश ने इसका विरोध किया और सावधानी से गाड़ी चलाने को कहा, तो दोनों युवक भड़क गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए प्रवेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए प्रवेश होटल के भीतर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया। दबंग युवक दुकान के अंदर घुस गए और वहां भी प्रवेश को बेरहमी से पीटते रहे। इस दौरान होटल में मौजूद अन्य कर्मचारी और ग्राहक मूकदर्शक बने रहे। मारपीट की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरेआम ऐसी घटनाओं से व्यापारियों और कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।