महराजगंज के फरेंदा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव आनंदनगर के फुलवरिया में सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने पांच लोगों पर युवक को घर से बुलाकर हत्या करने और शव फेंकने का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान फुलवरिया निवासी 29 वर्षीय अरविंद चौधरी पुत्र इंद्रेश चौधरी उर्फ बाढ़ू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार आरोपी सोमवार रात करीब 9 बजे अरविंद को शराब पीने के बहाने अपने घर बुलाया था। आरोप है कि अरविंद उनके साथ चला गया, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो रात करीब 11:30 बजे अरविंद का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों और मृतक के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते अरविंद को साजिश के तहत घर से बुलाकर उसकी हत्या की गई और शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। परिजनों में आक्रोश, सड़क जाम घटना के बाद अब परिजनों का गुस्सा खुलकर सामने आ रहा है। परिवार ने साफ कह दिया है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उनका कहना है कि अधूरा न्याय स्वीकार करना उनके लिए संभव नहीं है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि एक आरोपी दुर्गेश अभी भी फरार है। इसी गिरफ्तारी को लेकर परिजन अड़े हुए हैं। गांव में हालात को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। थाना अध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया- कशव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।