पुरानी रंजिश में युवक पर धारदार हथियार से हमला:गंभीर हालात में केजीएमयू में भर्ती, चार आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ के हुसैनगंज इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार रात युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को केजीएमयू में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मंगलवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य की तलाश जारी है। हुसैनगंज के पुराना किला बाबू बनारसी दास नगर निवासी नान बच्ची ने बताया उनका बेटा सचिन रविवार रात करीब 10 बजे दोस्त रितिक के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में फरजान, शाहरूख, बजरंगी कृष्णा, अरमान, समद, सुहैल और उनके साथियों ने सचिन को रोककर मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने सचिन के पेट में धारदार हथियार से वार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और सचिन को तत्काल केजीएमयू में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर हुसैनगंज शिवमंगल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। इस मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कृष्णा, अरमान, समद और सुहैल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।