पुलिस ने दो गो-तस्करों को गिरफ्तार किया:पशु लदी गाड़ी की टक्कर से हुई थी दो युवकों की मौत, वाहन जब्त

देवरिया के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में 10 दिसंबर को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने पशु तस्करी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने एक सप्ताह बाद दम तोड़ दिया। घटना 10 दिसंबर की रात करीब 11:30 बजे की है। मझौलीराज क्षेत्र के चौबे टोला निवासी सौरभ चौबे अपने मित्र आशुतोष पांडेय के साथ बाइक से सलेमपुर जा रहे थे। भंगड़ा भवानी चौराहा के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर में सौरभ चौबे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशुतोष पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल आशुतोष को पहले देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। पुलिस की विवेचना में गो-तस्करी में संलिप्त मो. दिलशाद (पुत्र मो. नसीम) और साहिल अली (पुत्र कौसर अली), निवासी खगौरा, थाना धनौती, जनपद सीवान (बिहार) के नाम सामने आए। सलेमपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार देर शाम दोनों आरोपियों को नदावर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक स्कॉर्पियो वाहन, रस्सी, नेवार, चाकू, मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड की छायाप्रति और नकदी बरामद की गई है। क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार ने बताया कि यह हादसा पशु तस्करी के दौरान हुआ, जिसमें दो युवकों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोग पशु तस्करी पर कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।