पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप:मकान विवाद की सूचना पर पहुंची थी, महिलाओं और बुजुर्गों से हाथापाई

प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक मकान विवाद के दौरान पुलिस पर जबरन घर में घुसने, महिलाओं और एक बुजुर्ग से हाथापाई करने तथा सामान ले जाने के प्रयास का आरोप लगा है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। परिजनों के अनुसार, जमीन और मकान को लेकर चल रहे विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी पूर्व सूचना या आदेश के जबरन घर में घुसने का प्रयास करने लगी। उनका कहना है कि पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खोलने के लिए दबाव बनाया और घर में घुसकर सामान उठाने की कोशिश की। परिवार के लोगों का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने घर में मौजूद महिलाओं और एक बुजुर्ग के साथ हाथापाई की। इस दौरान परिजन पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते नजर आए। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने जब घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोप है कि पुलिस ने वीडियो डिलीट कराने और मोबाइल छीनने का भी प्रयास किया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस ने पैसे लेकर कार्रवाई की है और बिना किसी कानूनी आदेश के उनके घर में घुसकर दबाव बनाया। इस मामले में क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि वायरल हो रहा वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है और यह जमीन के एक पुराने विवाद से जुड़ा मामला है। सीओ के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि यह वीडियो स्थगन आदेश के बावजूद किए जा रहे निर्माण को लेकर बनाया जा रहा था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।