पुलिस भर्ती परीक्षा: 3 विशेष ट्रेनें चलेंगी:अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए देवरिया सदर पर भी ठहराव

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। अभ्यर्थियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन हेतु 13 से 15 मार्च 2026 तक तीन परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 05179 छपरा-प्रयागराज रामबाग परीक्षा विशेष ट्रेन 13 और 14 मार्च को शाम 6:30 बजे छपरा से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी और बनारस होते हुए अगले दिन रात 2:30 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05180 प्रयागराज रामबाग-छपरा परीक्षा विशेष ट्रेन 14 मार्च को सुबह 9:45 बजे प्रयागराज रामबाग से चलकर शाम 5:45 बजे छपरा पहुंचेगी। 15 मार्च को भी यह ट्रेन शाम 6:25 बजे प्रयागराज रामबाग से चलकर अगले दिन तड़के 3:50 बजे छपरा पहुंचेगी। इसके अतिरिक्त, मेमू रेक से संचालित गाड़ी संख्या 05192 आजमगढ़-गोरखपुर परीक्षा विशेष ट्रेन 13, 14 और 15 मार्च को दोपहर 2:00 बजे आजमगढ़ से रवाना होगी। यह ट्रेन मऊ, भटनी और देवरिया सदर होते हुए शाम 6:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05191 गोरखपुर-आजमगढ़ परीक्षा विशेष ट्रेन गोरखपुर से रात 8:00 बजे चलकर देवरिया सदर, भटनी और मऊ होते हुए रात 12:30 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी। एक और मेमू रेक से संचालित गाड़ी संख्या 05185 गोरखपुर-बलिया परीक्षा विशेष ट्रेन भी 13, 14 और 15 मार्च को चलाई जाएगी। यह ट्रेन गोरखपुर से रात 8:30 बजे चलकर देवरिया सदर, भटनी और मऊ होते हुए अगले दिन तड़के 2:30 बजे बलिया पहुंचेगी। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। रेलवे द्वारा यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।