दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के रोवर एंड रेंजर्स हॉल में पूर्वांचल छात्र महोत्सव सीज़न-4 पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ आयोजित हुआ। महोत्सव में 540 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक और अकादमिक गतिविधियों में हिस्सा लेकर विश्वविद्यालय परिसर को पूरे दिन एक जीवंत सांस्कृतिक मंच में बदल दिया। महोत्सव के मुख्य अतिथि प्रो-वाइस चांसलर शांतनु रस्तोगी ने कहा कि पूर्वांचल के युवाओं में सीखने, नेतृत्व करने और समाज को दिशा देने की अपार क्षमता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। अतिथियों ने प्रस्तुतियों को प्रेरणादायक बताया कार्यक्रम में शरद कुमार मिश्र, प्रो. अजय शुक्ल, प्रो. अनुभूति दूबे, प्रो. विमलेश मिश्रा, नितिन मातनहेलिया, रंग बिहारी पांडेय, अंकित दुबे, मनीष ओझा, प्रिंस सिंह रघुवंशी, विनीत पांडेय, संजय द्विवेदी और अमित गुप्ता सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सभी ने छात्रों की प्रस्तुतियों को उत्कृष्ट बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में प्रतिभा का मजबूत आधार मौजूद है। छात्रों की रचनात्मकता को नई दिशा दी महोत्सव का मुख्य आकर्षण विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यशालाएं रहीं-पर्यावरण संरक्षण, वित्तीय साक्षरता, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक चेतना पर सत्र आयोजित किए गए। साथ ही पोस्टर मेकिंग, रंगोली, भाषण, कविता, संगीत, नृत्य और नाटक जैसी प्रतियोगिताओं में छात्रों ने अपनी सृजनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पूर्वांचल के युवाओं के लिए प्रेरक मंच पूर्वांचल यूथ वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण दत्त पाठक और फ्लाईअप फाउंडेशन के निदेशक अभय सिंह ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य केवल एक दिन का कार्यक्रम भर नहीं, बल्कि युवाओं के लिए ऐसा मंच तैयार करना है जहाँ वे अपनी कला, विचार और नेतृत्व को मुक्त रूप से व्यक्त कर सकें। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की प्रतिभा को बड़ी पहचान दिलाना ही संगठन का मुख्य लक्ष्य है। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। रोवर एंड रेंजर्स और फ्लाईअप फाउंडेशन की टीम ने व्यवस्थापन, संचालन और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए महोत्सव को सफल और यादगार बनाने में अहम योगदान दिया।