अयोध्या के गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक इंद्र प्रताप उर्फ खब्बू तिवारी की माता सरोज तिवारी (88) का शनिवार शाम निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से लखनऊ के एक निजी अस्पताल में गंभीर अवस्था में उपचाराधीन थीं। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, समर्थकों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। सरोज तिवारी अपने सरल स्वभाव, धार्मिक प्रवृत्ति और पारिवारिक मूल्यों के लिए जानी जाती थीं। परिवार में वे एक मजबूत स्तंभ की तरह थीं और समाज में भी उनका सम्मानपूर्ण स्थान था। लंबे समय से अस्वस्थ चल रही सरोज तिवारी का इलाज लखनऊ में चल रहा था, जहां शनिवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। माता के निधन पर पूर्व विधायक खब्बू तिवारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा, “मां, आपने जीवन भर निस्वार्थ प्रेम दिया, हर दुःख में ढाल बनकर खड़ी रहीं, हर मोड़ पर सही राह दिखाई। आपका जाना हम सबके लिये वज्रपात टूटने जैसा है। आपके संस्कार, आपकी सीख, आपकी स्मृतियाँ हमेशा हमारे हृदय में जीवित रहेंगी।” उनके इस संदेश से शोक की भावना और भी गहरी हो गई। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग खब्बू तिवारी के पैतृक आवास पर पहुंचने लगे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। अयोध्या महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, डॉ. संजय तिवारी, डिप्पुल पाण्डेय, राजमणि सिंह, सुनील पाठक, बब्बू मिश्रा, विक्रम सिंह, राजेश सिंह सहित कई प्रमुख नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की और माता सरोज तिवारी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। परिजनों के अनुसार, सरोज तिवारी का अंतिम संस्कार रविवार सुबह 11:00 बजे अयोध्या धाम घाट पर विधि-विधान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।