पूर्व सीएम चंद्रभानु गुप्ता की 46वीं पुण्यतिथि:राजधानी में श्रद्धांजलि सभा, मेधावी छात्र सम्मानित

राजधानी में पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रभानु गुप्ता की 46वीं पुण्यतिथि बुधवार को मनाई गई। इस अवसर पर मोतीलाल मेमोरियल सोसाइटी और भारत सेवा संस्थान द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मोतीमहल स्थित समाधि स्थल पर हवन-पूजन और पुष्पांजलि के साथ हुआ। बाल विद्या मंदिर स्कूल और नेशनल इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बनाया।वक्ताओं ने चंद्रभानु गुप्त के राजनीतिक जीवन, समाज सेवा और प्रदेश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। उन्हें एक प्रेरणास्रोत बताया गया। छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया समारोह में बाल विद्या मंदिर सीसे स्कूल के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने देश और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इसके साथही , नेशनल पीजी कॉलेज, नवचेतना केंद्र, बाल विद्या मंदिर स्कूल और रवीन्द्रालय में स्थापित उनकी प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ये लोग शामिल हुए इस अवसर पर सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। इनमें अशोक बाजपेई, राजेश सिंह, जे.एन. मिश्रा, प्रताप सिंह जंगलिया, केशव प्रसाद, अजय शंकर राय, शैलेश कुमार त्रिपाठी, गणेश चंद्र मिश्रा, सुधीर हलवासिया, मनोज गुप्ता, एसपी सिंह, फिदा हुसैन अंसारी, देवेंद्र प्रताप सिंह, आर.के. पांडेय, मधुसूदन दीक्षित और सुधा बाजपेई शामिल थे। विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।