राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह तोमर का बरेली आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने संगठन की रणनीति, गठबंधन की स्थिति और पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय लोक दल वर्तमान में एनडीए गठबंधन का हिस्सा है और यह गठबंधन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी पंचायत चुनाव पार्टी अपने बलबूते पर लड़ेगी। तोमर ने कहा, “आरएलडी की जड़ें गांवों और किसानों में हैं। पंचायत चुनाव में हमारा संगठन पूरी मजबूती से उतरेगा और स्थानीय नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।” ब्रह्मपाल सिंह तोमर ने पूर्व सैनिकों के हितों पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी सेवानिवृत्त सैनिकों को विभिन्न नौकरियों में समायोजित करने का लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार से एक ‘पूर्व सैनिक आयोग’ के गठन की मांग की, ताकि उनके अधिकारों और पुनर्वास से संबंधित नीतियों पर ठोस निर्णय लिए जा सकें। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को नई दिशा देने और राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने बरेली में हाल ही में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन की सफलता के लिए जिला अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद मतलूब और उनकी टीम की सराहना भी की। इस अवसर पर कुलदीप पवार, विजय बहादुर सक्सेना, कमलजीत सिंह, शहादत हुसैन, ओमपाल सिंह, अयूब अंसारी, राजवीर उपाध्याय, जोधपाल सिंह, कालका प्रसाद, लखन सिंह, देवेंद्र गोस्वामी, नरेश सिंह, विजय सिंह, आसिफ अली, वाहिद अली, शाकिर मंसूरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।