पूर्व MLC और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के समर्थक भिड़े:जमीन के विवाद में धक्का-मुक्की, जान से मारने की धमकी के आरोप

देवरिया के बरहज तहसील परिसर में मंगलवार को भूमि विवाद को लेकर पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) जेपी जायसवाल और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कृष्णा जायसवाल के समर्थकों के बीच तीखी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस दौरान एक-दूसरे को देख लेने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। जेपी जायसवाल और कृष्णा जायसवाल के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। उल्लेखनीय है कि दोनों पूर्व में पति-पत्नी थे, और वर्तमान में उनके बीच न्यायालय में पारिवारिक तथा संपत्ति संबंधी विवाद विचाराधीन हैं। तलाक और अदालती प्रक्रिया के बावजूद यह भूमि विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कृष्णा जायसवाल ने बरहज कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि जेपी जायसवाल और उनकी पत्नी अंतिम जायसवाल ने उनकी दीवार तोड़ दी और परिसर में रखी लगभग दस लाख रुपये की केसरिया सामग्री चोरी कर ली। पुलिस इस तहरीर पर मामले की जांच कर रही थी। मंगलवार को दोनों पक्ष किसी कार्यवश बरहज तहसील पहुंचे, जहां समर्थकों की मौजूदगी के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आपस में भिड़ने लगे, जिससे तहसील परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और कर्मचारियों के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी भी पक्ष द्वारा लिखित शिकायत दी जाती है या पहले से दी गई तहरीर में साक्ष्य सामने आते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।