संभल में एक सड़क हादसे में ससुराल जा रहे युवक की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना शुक्रवार रात की है। यह हादसा संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव अजीजपुर के पास हुआ। मृतक की पहचान जुनावई थाना क्षेत्र के रिवाड़ा निवासी मनोज शर्मा (पुत्र हरकेश शर्मा) के रूप में हुई है। वह अपने गांव के सुशील कुमार (पुत्र रामप्रसाद) के साथ अपनी ससुराल घनसेमर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। दूसरे अस्पताल में आठ घंटे के इलाज के बाद मनोज शर्मा ने दम तोड़ दिया। मनोज शर्मा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घायल सुशील कुमार का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है, उसकी टांग में गहरी चोट आई है। मनोज की शादी दो साल पहले राजेश्वरी से हुई थी और उनका एक साल का बेटा है। परिवार के सदस्यों ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी मेघपाल सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची थी, लेकिन घटनास्थल पर कोई व्यक्ति नहीं मिला था। बाइक सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराई हुई मिली थी।