पैसे की तंगी अब नहीं बनेगी खेल में बाधा:कानपुर के होनहार खिलाड़ियों को TSH देगा फ्री ट्रेनिंग; 14 मार्च से मिलेंगे फॉर्म

अगर आपके अंदर खेल का जज्बा है, लेकिन आर्थिक तंगी आड़े आ रही है, तो यह खबर आपके लिए ही है। शहर के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को इंटरनेशनल लेवल का खिलाड़ी बनाने के लिए ‘दि स्पोर्ट्स हब’ (TSH) ने कमर कस ली है। TSH की ओर से 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए आठवें बैच का फ्री ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है। इसमें चयन होने पर बच्चों को अनुभवी कोच और विश्वस्तरीय सुविधाओं के बीच सीखने का मौका मिलेगा।
कल से मिलेंगे फॉर्म, 24 मार्च तक जमा करने का मौका इस ट्रेनिंग प्रोग्राम का हिस्सा बनने के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शनिवार, 14 मार्च से शुरू हो रही है। इच्छुक खिलाड़ी 24 मार्च तक अपने आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। फॉर्म वितरण के लिए शहर में कई केंद्र बनाए गए हैं, ताकि लोगों को ज्यादा भाग-दौड़ न करनी पड़े। 31 मार्च को होगा ट्रायल, 5 अप्रैल से शुरू होगा नया बैच केवल फॉर्म भर देने भर से दाखिला नहीं मिलेगा। खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखने के लिए 31 मार्च से ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रायल्स में जो बच्चे अपनी स्किल्स और फिटनेस का दम दिखाएंगे, उन्हीं का अंतिम रूप से चयन होगा। चुने गए खिलाड़ियों का नया बैच 5 अप्रैल से विधिवत रूप से मैदान पर उतरेगा। चयनित खिलाड़ियों को 3 महीने तक विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान उन्हें खेल की तकनीकी बारीकियां सिखाई जाएंगी, साथ ही उनकी फिटनेस और मानसिक मजबूती पर भी काम किया जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इस पूरी ट्रेनिंग के लिए खिलाड़ियों को एक भी रुपया फीस नहीं देनी होगी। टीएसएच का उद्देश्य है कि शहर के प्रतिभाशाली बच्चे सुविधाओं के अभाव में पीछे न रह जाएं। यहां से मिलेंगे फॉर्म, ये कागज साथ रखना है जरूरी
आवेदन फॉर्म लेने और जमा करने के लिए आप कानपुर स्मार्ट सिटी के सीईओ ऑफिस, नगर आयुक्त कार्यालय (नगर निगम), नगर निगम के सभी जोनल ऑफिस या खुद दि स्पोर्ट्स हब के ऑफिस जा सकते हैं।

आवेदन पत्र के साथ ‘आयु प्रमाणपत्र’ (Age Proof) और ‘आय प्रमाणपत्र’ (Income Certificate) लगाना अनिवार्य है। बिना इन दस्तावेजों के फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।