सिद्धार्थनगर के सनई–शोहरतगढ़ मार्ग स्थित एनएच-730 पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिसमें 24 सुजीत चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। महादेवनगर निवासी सुजीत धेन्सा नानकार से सनई की ओर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर निर्माण कंपनी की पोकलैंड मशीन से टकरा गई। हादसा हाईवे पर डंपरों द्वारा गिराई गई मिट्टी और उससे बनी फिसलन के कारण हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने पोकलैंड मशीन को मौके पर रोक दिया और निर्माण कंपनी की लापरवाही के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी लगातार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही है। यह पहला मामला नहीं है। पहले भी NHAI और निर्माण कंपनी द्वारा रात में अवैध निर्माण, सड़क अवरुद्ध करने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है। चौड़ीकरण और नाला निर्माण जैसे कार्य अक्सर रात में किए जाते हैं, जबकि भारी मशीनें—पोकलैंड, मिक्सर, हाइड्रा और डंपर—रातभर हाईवे पर खड़ी रहती हैं। इससे सड़क बेहद फिसलन भरी और जानलेवा हो जाती है। स्थानीय निवासी आकाश गुप्ता ने बताया कि रात में काम करने से सड़क अवरुद्ध हो जाती है, जिससे राहगीरों की जान हमेशा जोखिम में रहती है। संदीप ने भी अवैध रात्रिकालीन निर्माण के कारण हुए कई पुराने हादसों का जिक्र करते हुए कंपनी और NHAI पर जिम्मेदारी तय न करने का आरोप लगाया। इस मामले में NHAI के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ, जिसके चलते उनका पक्ष नहीं मिल सका।