प्रतापगढ़ पुलिस नए साल के जश्न को देखते हुए पूरी तरह अलर्ट पर है। जिले में शराब पीकर या नशे में सड़क पर उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी की गई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और लोगों से सुरक्षित तरीके से घर पर परिवार के साथ नया साल मनाने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर जिलेभर में करीब 550 पुलिसकर्मियों को विभिन्न इलाकों में तैनात किया गया है। एसपी एडिशनल और क्षेत्राधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल ने शहर, कस्बों और मुख्य चौराहों पर पैदल गश्त की। रानीगंज में सीओ विनय प्रभाकर साहनी और रानीगंज कोतवाल प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मार्च निकाला। इस दौरान हर इलाके के चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी गई। रानीगंज सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम फतनपुर, देहलूपुर और मांधाता कोतवाली क्षेत्र का भी भ्रमण करेगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सड़क पर अराजकता फैलाने या नशे में पार्टी करते पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अराजकतत्वों पर पैनी नजर बनाए हुए है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का जश्न संयम और सतर्कता के साथ मनाएं। रात में सड़कों और चौराहों पर अनावश्यक भीड़-भाड़ से बचें। परिवार के साथ घर पर उत्सव मनाकर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।