कौशांबी में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन सिराथू विधानसभा क्षेत्र के दारानगर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन में उन्होंने सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान केशव मौर्य ने कहा कि मंच पर प्रतिनिधि नहीं, बल्कि स्वयं निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख को ही बैठना चाहिए। मंच से संबोधन के दौरान डिप्टी सीएम ने मंच व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। कार्यकर्ताओं द्वारा दी गई पदाधिकारियों की सूची पढ़ते समय जब उन्होंने सिराथू ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश मौर्य का नाम पढ़ा, तो कुछ क्षण रुकते हुए आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगे से किसी भी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि को मंच पर स्थान न दिया जाए। कार्यकर्ताओं के बीच हंसी और ठहाकों का माहौल केशव मौर्य ने कहा कि मंच पर प्रतिनिधि नहीं, बल्कि स्वयं निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख को ही बैठना चाहिए। उनकी इस टिप्पणी पर पहले कुछ पल के लिए सभा में सन्नाटा छा गया। लेकिन कुछ ही देर बाद कार्यकर्ताओं के बीच हंसी और ठहाकों का माहौल बन गया। डिप्टी सीएम ने लोकसभा चुनावों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि देश की 283 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत हुई है। जिसमें कौशांबी भी शामिल है। साथ ही उन्होंने 2019 में भाजपा द्वारा जीती गई 303 सीटों को याद दिलाया। हालांकि, उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में कौशांबी के प्रदर्शन को लेकर चिंता भी जाहिर की। संगठन को मजबूत करने का आह्वान केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत संकल्प को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। इसी उद्देश्य से वे कौशांबी आए हैं। उन्होंने जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा की हार पर चिंता व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में तीनों सीटों पर कमल खिलाने का आह्वान किया। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़- केशव उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम व समर्पण के कारण ही भाजपा को निरंतर जनता का विश्वास मिल रहा है। केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। कहा कि डबल इंजन सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश कानून-व्यवस्था, विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपने विचार और सुझाव भी रखे। केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल व बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।