प्रतिभा, परिश्रम और अनुशासन का परिणाम:NEET SS 2025 में GSVM मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग का परचम, ऑल इंडिया रैंक 82 से 1800 तक

नीट सुपर स्पेशियलिटी (NEET SS) 2025 परीक्षा में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के मेडिसिन विभाग के सीनियर रेजिडेंट्स ने शानदार प्रदर्शन कर कॉलेज और संस्थान का नाम रोशन किया है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) की ओर से आयोजित इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करना किसी भी डॉक्टर के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। इस वर्ष मेडिसिन विभाग के कई प्रतिभाशाली चिकित्सकों ने उत्कृष्ट रैंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन से हर लक्ष्य संभव है। इस परीक्षा में डॉ. प्रखर कुशवाहा ने ऑल इंडिया रैंक 82 प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। डॉ. ऋषि गुप्ता ने 136वीं और डॉ. सुरेश चौधरी ने 194वीं रैंक हासिल कर विभाग को गौरवान्वित किया। इसके अलावा डॉ. नितीश सिंह (210), डॉ. कनक सिंह (404), डॉ. अनुराग श्रीवास्तव (470), डॉ. आकाश यादव (547) और डॉ. यूनुस कमल (652) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। अन्य सफल अभ्यर्थियों में डॉ. प्रखर अग्रवाल (966), डॉ. अन्या त्रिपाठी (1080), डॉ. प्रफुल्ल शर्मा (1250), डॉ. कुमार सत्यम रावत (1469), डॉ. अपूर्व गुप्ता (1550) और डॉ. निशांत सिंह (1800) शामिल हैं। इन सभी डॉक्टरों की सफलता न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह एसपी मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण और मेडिसिन विभाग की मजबूत प्रशिक्षण प्रणाली को भी दर्शाती है। इन उपलब्धियों पर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कला ने सभी सफल सीनियर रेजिडेंट्स को हार्दिक बधाई दी। उप-प्रधानाचार्य डॉ. रिचा गिरि और मेडिसिन विभाग के आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. बी.पी. प्रियदर्शी ने भी सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के डॉक्टरों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। विभाग के सभी संकाय सदस्यों ने खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। साथियों और शिक्षकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की। यह सफलता न केवल इन डॉक्टरों के लिए, बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। उम्मीद है कि भविष्य में ये सभी डॉक्टर अपने ज्ञान और कौशल से चिकित्सा क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएंगे और मानवता की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।