प्रदेश अध्यक्ष ने मंच से कार्यकर्ताओं-नेताओं को फटकारा:कानपुर में बोले- फोटोबाजी के चक्कर में मंच पर अफरा-तफरी मची, ये हमारी पार्टी की पहचान नहीं

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का गुरुवार को सीएसजेएम यूनिवर्सिटी में रोड शो समाप्त हुआ। यहां पर उन्होंनें कार्यकर्ताओं से बात की और इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने मंच पर आते ही सबसे पहले कार्यकर्ताओं की अफरा-तफरी पर नाराजगी जताई। इसके साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि संगठन काे मजबूती देने और आगे बढ़ाने के लिए यहां पर आया हूं। इस दौरान प्रयागराज में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ अभद्रता या फिर कानपुर में मेयर और पार्षदों के बीच गुटबाजी समेत कई सवाल किए गए, लेकिन उन्होंने इस पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया। मंच पर फोटो खिंचाने को मच गई थी अफरा-तफरी
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंच संभालते ही कहा कि मैं जरा कड़ा बोलने जा रहा हूं। महामंत्री जी और क्षेत्रीय अध्यक्ष जी मैं मंच पर देख रहा था कि केवल फोटो के चक्कर में मंच पर अफरा-तफरी मची थी। बताया जा रहा था कि वी शेप बनाओ सबका फोटो आएगा, लेकिन कोई बात सुन नहीं रहा था। हम भी बार-बार अपने हाथ से दिखा रहे थे कि मित्रों थोड़ा दाएं और बाएं हो जाओ लेकिन कोई सुन नही रहा था। ये हमारी पहचान से अलग है। हमारी पार्टी की पहचान ही अनुशासन है। मैं जनता हूं कि कार्यकर्ता जब हमसे मिलने आता है तो मैं किसी को निराश करके नहीं भेजता हूं। क्योंकि ऐसे भीड़ में फोटो नहीं आता है। मैं अब तक 50 हजार कार्यकर्ताओं से एक-एक करके मिल चुका हूं। कार्यकर्ता को कुछ नहीं बस सम्मान चाहिए उसको प्यार चाहिए। सिर्फ 10 प्रतिशत लोग ही बायोडाटा लेकर आते हैं कि मुझे पदाधिकारी बनना है। लेकिन मैं निवेदन करूंगा कि मेरी पहचान है। हमारी पार्टी अन्य पार्टियों से अलग है। SIR में एक भी वोट कटने नहीं पाए, यह पूरा किया तो आधी जीत पहले ही पक्की हो जाएगी
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों से कहा कि एसआईआर में भारी संख्या में गड़बड़ियां सामने आई हैं। कई लोगों के नाम कट गए हैं। हमारे एमपी-एमएलए और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि घर-घर जाकर एक-एक वोट की तस्दीक करें। अगर किसी का कट गया है तो वोटर लिस्ट में उसका नाम बढ़वाने का काम करें। ये कार्यकर्ता से लेकर जिले और मंडल के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। अगर यह काम हमने पूरा कर लिया तो आधी जीत हमारी चुनाव से पहले ही पक्की हो जाएगी। पार्टी में गुटबाजी और घेरेबंदी की बात स्वीकारी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में हमें भाजपा की सरकार बनानी है, आज सरकार हमारी है कुछ कमी हो सकती है। जब घर भरा रहता है तो बर्तन खड़खड़ाने का काम करते हैं, लेकिन जब घर खाली होता है तो बर्तन खड़खड़ाने का भी अवसर नहीं मिलेगा। इसलिए कार्यकर्ता होने के नाते आपसे वचन चाहता हूं कि चुनाव में मात्र साल भर रह गया है। किसी भी कमी को हम पीछे छोड़ें, आगे लक्ष्य को देखें। इसके बाद हम आपस में बात कर लेंगे। हम भी नेता हैं आप ही की तरह, हमारे यहां भी घेराबंदी होती है। गुटबाजी चलती है। मैं इन सभी चीजों से परचित हूं कोई अनिभिज्ञ नहीं हूं। लेकिन उसे बावजूद भी जब पार्टी का विषय आता है तो सारी चीजों को भूलकर हमारा लक्ष्य होना चाहिए की पार्टी कैसे आगे बढ़े। 2047 में प्रधानमंत्री ने जो विकसित राष्ट्र का सपना देखा है। उस विकसित राष्ट्र को बनाने वाला दिल्ली जाने का रास्ता उत्तर प्रदेश होकर जाता है। इसलिए हम सबकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। सभी गिले–शिकवे को भूलकर हमें अपने दायित्व को पूरा करना है। संगठन का दायित्व सभी दायित्व से बढ़कर होता है। संगठन भी हम सभी की पहचान है। अभी दो दिन पहले नितिन नबीन काे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद ग्रहण करते समय प्रधानमंत्री ने सीधे तौर पर कहा कि मैं एक कार्यकर्ता हूं। आज से नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं। अब मैं उन्हें रिपोर्ट करूंगा। प्रधानमंत्री ने संदेश दिया है कि संगठन ही सर्वोपरि है। इसलिए हमें अनुशासन में रहकर काम करना चाहिए। मैं सात बार भले सांसद, केन्द्रीय मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष हूं, लेकिन मेरे लिए सर्वोपरि कार्यकर्ता है। मनरेगा को लेकर कांग्रेस भ्रम फैला रही
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दल मनरेगा को लेकर पूरे देश में भ्रम फैला रहे हैं। हां, मनरेगा (MGNREGA) का नाम बदलकर ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (VB-G RAM G) किया गया है। इसमें रोजगार घटा नहीं बल्कि बढ़ाया गया है। इसके तहत अब काम के दिन 100 से बढ़ाकर 125 किया गया है। अब इसके तहत काम करने वाले श्रमिको काे हर सप्ताह भुगतान दिया जाएगा। अगर 15 दिन से ज्यादा तक भुगतान रुकता है तो ब्याज भी देना होगा। अगर 125 दिन काम नहीं मिला तो भत्ता भी देना होगा। इसमें 60 दिन का जो गैप दिया यगा है किसान इसमें अपने खेती से संबंधित काम करके अपनी मजदूरी को बढ़ा सकेगा। इससे उसके रोजगार का अवसर बढ़ेगा। हमें घर-घर जाकर इस भ्रम को दूर करना होगा। कांग्रेस जो नरेटिव सेट कर रही है, जन-जन तक पहुंचकर ही इसे दूर किया जा सकता है। BJP ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बढ़ावा दिया
प्रदेश अध्यक्ष ने मंच से कहा कि मैं अपने केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने लगातार मुझपर भरोसा जताते हुए टिकट देने का काम किया। मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे एक बार नहीं बल्कि दो बार मोदी जी की कैबिनेट में काम करने का मौका मिला। इतना ही नहीं मुझे एक बार फिर से इतने बड़े प्रदेश का नेतृत्व करने का मौका दिया है, मैं पुन: केन्द्रीय नेतृत्व को धन्वाद देता हूं। साथियों आज के दिन मैं अपने संस्थापक सदस्य स्वर्गीय श्यामाप्रसाद मुखर्जी को नमन करना चाहता हूं और स्मरण करना चाहता हूं, उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित करता हूं। उन्होंने कहा था कि एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे। हमारी पार्टी का ये मूल मंत्र है। हमारे संस्थापक सदस्य की जो सोच थी आदणीय प्रधानमंत्री ने धारा-370 समाप्त करके भारत को कहीं न कहीं एक लड़ी में पिरोने का काम किया है। इसी के साथ मैं पंडित दीनदयान जी के भी जो उनके सूत्र मंत्र थे उसको भी दोहराना चाहता हूं। दीनदयान जी कहते थे कि जब तक अंत्योदय यानी कि अंतिम व्यक्ति का कल्याण नहीं होगा तब तक देश का कल्याण नहीं होगा। प्रधानमंत्री ने आज अंतिम व्यक्ति को वो सारी सुविधाएं देने का काम किया है। इसके साथ ही सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास का काम किया है। अगर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की बात है तो हमारी सरकार ने ही राम मंदिर निर्माण कराने का काम किया है। काशी विश्वनाथ का कॉरीडोर भी हमने बनवाया, महाकाल भी कॉरीडोर बनवाने का काम भी हमारी सरकार में हुआ है। विपक्षी दल कहते हैं कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को समाप्त कर रही है। अगर आप देखें तो 2014 से पहले हमारे देश की देवी देवताओं की जो मूर्तियों थीं इस देश से कहीं न कहीं चोरी और स्मगलिंग करके ले जाया गया। पिछलीं सरकारें मात्र 13 मूर्तियां वापस लेकर आए थे, लेकिन जब से हमारी सरकार बनी है हमनें 650 से ज्यादा मूर्तियों को वापस अपने देश में लेकर आए हैं। हजारों साल पुरानी अन्नपूर्णा जी की मूर्ति को भी हमारी सरकार में वापस लाया गया है। उसे आज काशी विश्वनाथ में स्थापित करने का काम प्रधानमंत्री जी ने किया है। एक गरीब आदमी को जो जरूरत है चाहे वह मकान हो वहां पर शौचालय, पीने का पानी, बिजली और राशन और बीमार होता है इलाज का इंतजाम होना चाहिए। इतना ही नहीं हमारी सरकार ने गरीबों को बीमा तक देने का काम किया है। हमारी इस सकार में कार्यकर्ता ही सरकार है। हमारे लिए सबसे मूल्यवान कार्यकर्ता है। मैं केन्द्रीय मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से पहले कार्यकर्ता हूं
मैं सात बार भले सांसद रहा हूं, केन्द्र में मंत्री रहा हूं, लेकिन आज भी मैं एक कार्यकर्ता की तरह काम करता हूं। प्रदेश अध्यक्ष के लिए मेरे नाम की घोषणा हुई तो कुछ लोगों ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नए हैं। वो केवल दिल्ली की राजनीति किए हैं, उत्तर प्रदेश की राजनीति नहीं जानते हैं। और मेरा मानना है कि भाजपा के कार्यकर्ता को कोई भी पद सौंपा जाए या दायित्व दिया जाए तो उसे एक फ्रेम में बंद नहीं किया जा सकता है। हमारा छोटा सा भी कार्यकर्ता कोई भी काम कर सकता है। उसका उदाहरण मैं देता हूं। नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के पहले गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। इससे पहले संगठन के कार्यकर्ता रहे, संगठन से जब उन्हें लाया गया तो उन्होंने गुजरात में अपना परचम लहराया। पूरे देश में गुजरात नंबर एक पर पहुंच गया। आज 2014 से देश की कमान संभाल रहे हैं तो आज मुझे लगता है कि दुनिया में सबसे लोकप्रिय नेता बनके उभरने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। कोविड के दौरान दुनिया की अर्थव्यवस्था बैठ गई थी, लेकिन उन्होंने देश को संभाला और दुनिया में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाला भारत है। आज हम चौथे स्थान पर हैं और 2027 में तीसरे और 2047 तक हमें दुनिया के पहले पायदान पर पहुंचना है। आज भी कोई कुछ कहता है तो मैं सुन लेता हूं मैं शब्दों से नहीं अपने काम से जवाब देता हूं। उत्तर प्रदेश की सरकार ने भी अच्छा काम किया है, चाहे वह लॉ एंड ऑर्डर हो या विकास की बात हो उत्तर प्रदेश का चेहरा बदलने का काम किया है।