प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों की समीक्षा:जेपीएस राठौर ने कहा- गुणवत्ता से समझौता नहीं, नाथ कॉरिडोर का काम जल्द पूरा करें

उत्तर प्रदेश के सहकारिता एवं जनपद के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने आज सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री ने जनपद की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से ‘नाथ कॉरिडोर’ प्रोजेक्ट को प्राथमिकता देते हुए इसे तय समय सीमा के भीतर और मानक के अनुरूप पूरा करने को कहा। डीएम बोले- आईजीआरएस (IGRS) रैंकिंग में आया सुधार
बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए बताया कि आईजीआरएस (IGRS) रैंकिंग में बरेली पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, जबकि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में जनपद ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर मंत्री ने अधिकारियों की सराहना की, लेकिन साथ ही जनसमस्याओं के समाधान को लेकर और सख्त रुख अपनाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि तहसील और थाना दिवसों को केवल खानापूर्ति न बनाया जाए, बल्कि इनका क्रियान्वयन इतना प्रभावी हो कि जनता को अपनी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। ‘एम्प्लॉयमेंट जोन’ बनाने पर हुई चर्चा
शहर के बुनियादी ढांचे और रोजगार को लेकर भी बैठक में बड़े फैसले लिए गए। नवाबगंज में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘एम्प्लॉयमेंट जोन’ बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई और इसके काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर रणनीति तैयार की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक रूप दिया जाए ताकि बरेली की एक भव्य और सुंदर छवि उभर कर सामने आए। सांसद, विधायक समेत सभी जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज/बहोरन लाल, विधायक नवाबगंज एम.पी. आर्य, बिथरी चैनपुर राघवेंद्र शर्मा, कैंट संजीव कुमार अग्रवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा (आंवला)आदेश प्रताप सिंह, बरेली जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अधीर सक्सेना उपस्थित रहे। ये अधिकारी रहे मौजूद
अधिकारियो में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, उपाध्यक्ष बरेली विकास प्राधिकरण मनीकंडन ए. अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर ) सौरभ दुबे, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, अपर नगर आयुक्त, अपर नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी गण सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।