प्रयागराज में गार्ड के सुसाइड का लाइव VIDEO:सल्फास पीने से पहले बोला- पहले नौकरी से निकाला, दोबारा रखने काे पैसे लिए

प्रयागराज में मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) के सुरक्षा गार्ड ने जहर पीकर जान दे दी। उसने सुसाइड का वीडियो भी बनाया है। जिसमें वह सल्फास का पैकेट निकालता है। उसे फाड़कर पानी भरे गिलास में डालता है। फिर पानी में घोलकर पी जाता है। इस दौरान उसने संस्थान के सीएसओ और कंपनी के 3 लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। गार्ड विपिन शुक्ला कहता है- इन लोगों ने मुझे खूब परेशान किया। पहले नौकरी से निकलवा दिया। इसके बाद नौकरी लगवाने के नाम पर रुपए लिए। मैंने कर्ज लेकर रुपए दिए, इसके बाद भी नौकरी नहीं मिली। इससे पहले बहन की शादी में 5-6 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। इससे परेशान होकर जान दे रहा हूं। घटना 17 दिसंबर की नवाबगंज के कस्तूरीपुर की है। 18 दिसंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुसाइड का वीडियो 28 दिसंबर को सामने आया है। अब पढ़िए पूरा मामला… नवाबगंज के कस्तूरीपुर में रहने वाला विपिन शुक्ला ट्रिपलएस सिक्योरिटी सॉल्यूशन सर्विस में नौकरी करता था। 17 दिसंबर की शाम करीब 6.30 बजे विपिन ने जहर खा लिया। जानकारी होती ही परिजन उसे एक्यूरा क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां 18 दिसंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसी दिन उसका अंतिम संस्कार कर दिया। विपिन का मोबाइल और लैपटॉप लॉक था। इस वजह से सुसाइड के पीछे की वजह नहीं पता चल सकी। 26 दिसंबर को किसी तरह लॉक खुला
विपिन की पत्नी अंजली ने कहा- 26 दिसंबर को दुकान पर मोबाइल ले जाकर किसी तरह लॉक खुलवाया गया। लॉक खुलने के बाद मोबाइल में एक वीडियो मिला। जिससे पता चला कि अफसरों के टॉर्चर से तंग आकर विपिन ने जान दी। यह वीडियो खुद विपिन ने जहर खाने से पहले अपने मोबाइल से बनाया। मैंने इस वीडियो को पेन ड्राइव में सेव कर लिया है। 27 दिसंबर को नवाबगंज थाने पहुंचकर इसे पुलिस को सौंप दिया। मैंने पति को सुसाइड के लिए मजबूर करने वालों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसके बाद भी पुलिस ने अब तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की। वीडियो ने विपिन ने क्या कहा पढ़िए… वीडियो में विपिन कहता है- मैं सल्फास खाकर सुसाइड करने जा रहा हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार एमपी सिंह, एमएनएनआईटी के सीएसओ, ट्रिपल एस सिक्योरिटी के एरिया मैनेजर जय सिंह, कंपनी के जीएम डीएल मिश्रा और कंपनी के मालिक कर्नल देवेंद्र प्रताप सिंह हैं। मैंने एमएनएनआईटी में 12 साल नौकरी की। लेकिन पिछले छह महीने से मुझे लगातार परेशान किया जा रहा है। एरिया मैनेजर जय सिंह का भाई कंपनी में बोलेरो पायलट था, जो लड़कियों से छेड़छाड़ करता था। जब मैंने इसकी शिकायत की तो उसे कंपनी से निकाल दिया गया। इससे जय सिंह मुझसे नाराज हो गया। इसके बाद उसने भी मुझे नौकरी से निकलवा दिया। बाद में नौकरी लगवाने के एवज में रुपए मांगने लगे। पहले जय सिंह ने 30 हजार रुपए लिए। फिर कहा कि काम हो जाने के बाद 20 हजार और लगेंगे। बाद में एमपी सिंह ने 20 हजार रुपए लिए और डीएल मिश्रा ने 50 हजार रुपए लिए। ये पैसे मैंने कर्ज लेकर दिए। विपिन की सैलरी 23000 थी। नौकरी भी नहीं और कर्ज में डूब गया
विपिन ने कहा- मैं घर का अकेला कमाने वाला हूं। बहन की शादी में 5-6 लाख का कर्ज हो गया। ईएमआई टूट गई और हालात बहुत खराब हो गए। कॉलेज प्रशासन ने एफिडेविट बनवाकर जमा करने को कहा। लेकिन इसके बाद भी समस्या खत्म नहीं हुई। जय सिंह ने दबाव बनाया कि पहले उसके भाई को दोबारा नौकरी दिलवाओ। आखिर में मुझे मेरठ भेजा गया। जहां कर्नल देवेंद्र प्रताप सिंह ने कह दिया कि उन्हें कुछ नहीं पता और ज्वाइन करने के लिए डीएल मिश्रा से बात करने को कहा। वीडियो के अंत में वह साफ कहता है कि मेरी मौत के लिए एमपी सिंह, जय सिंह और डीएल मिश्रा जिम्मेदार हैं। थाना प्रभारी बोले- शिकायत नहीं मिली, परिजनों ने कहा- गुमराह कर रहे
नवाबगंज थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने कहा- अब तक उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। न ही किसी तरह के वीडियो की जानकारी है। जब घटना हुई, तब परिवार वालों ने कोई जानकारी नहीं दी। थाने प्रभारी के इस दावे पर विपिन के रिश्तेदार शिवप्रसाद ने कहा- वह सरासर गुमराह कर रहे हैं। थाने में शिकायत दी जा चुकी है। पुलिस जानबूझकर रिपोर्ट दर्ज करने में लापरवाही कर रही है। ————————————- ये खबर भी पढ़ेंः- लव मैरिज के बाद पति-पत्नी का शव लटकता मिला:सीतापुर में 22 दिन पहले जिस पेड़ के नीचे शादी की, उसी से झूलते मिले सीतापुर में लव मैरिज के बाद पति-पत्नी के शव फंदे से लटकते मिले। दोनों ने 22 दिन पहले गुपचुप शादी की थी। बाद में दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को अपना लिया था। हैरान करने वाली बात यह है कि गांव में जिस पेड़ के नीचे बने मंदिर में उन्होंने शादी की थी। उसी पेड़ से दोनों के शव एक फंदे से लटके हुए थे। पढ़ें पूरी खबर…