प्रयागराज में घर में घुसकर बीएससी छात्रा के साथ छेड़खानी हुई है। आरोपी ने हाथ पकड़कर लड़की को खींचा। अश्लील हरकतें की। विरोध करने पर तमंचा निकालकर धमकी दी। बोला- अगर शांत नहीं हुई तो तेजाब से नहला दूंगा। लड़की की चीख सुनकर पड़ोसी दौड़े। आरोपी उन्हें देखकर भाग निकला। भागते समय उसने अपनी बाइक वहीं छोड़ दी। पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम अय्यूब सिद्दीकी है। घटना करैली थाना क्षेत्र की है। इस घटना के बाद से छात्रा सदमे में है। उसने परिजनों को बताया, अय्यूब नाम का युवक दो महीने से लगातार उससे छेड़छाड़ कर रहा था। अब पढ़िए पूरा मामला कमरे में बैठकर परीक्षा की तैयारी कर रही थी छात्रा घटना 24 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे की है। छात्रा अपने कमरे में परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसी दौरान घर का मेन दरवाजा जोर से खुला और अय्यूब सिद्दीकी अचानक घर में घुस आया। अंदर आते ही वह सीधे छात्रा के पास पहुंचा, उसका हाथ पकड़कर जोर से खींचने लगा। उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। उस समय घर पर छात्रा अकली थी। मां-बाप कहीं बाहर गए थे। विरोध पर उसने तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी। कहा- ज्यादा चिल्लाएगी तो तेजाब से नहला दूंगा। छात्रा चीखने लगी तो आरोपी उसे घसीटते हुए ले जाने की कोशिश करने लगा। उसकी चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़े तो आरोपी भाग निकला। जल्दबाजी में वह अपनी काली स्प्लेंडर प्लस बाइक घर के बाहर ही छोड़ गया। पड़ोसी घर में पहुंचे और तत्काल परिवार को सूचना दी। परिवार के आने के बाद 112 पर कॉल की गई। करैली पुलिस मौके पर पहुंची, बाइक को कब्जे में लिया। छात्रा बोली- रास्ते में रोककर अश्लील हरकत करता है
छात्रा ने कहा- मैं रोज कॉलेज जाती हूं और वह हर दिन रास्ते में मिल जाता है। मैं जिस गली से निकलती हूं, वह वहीं बाइक लेकर घूमता रहता है। कई बार रास्ता रोककर अश्लील बातें करता था। मैं डर के कारण घर पर कुछ नहीं बता पा रही थी। 24 नवंबर की शाम मैं कमरे में थी। अचानक दरवाजा खुला और वह अंदर आ गया। उसने मेरा हाथ पकड़ लिया और गलत हरकतें करने लगा। मैंने जोर से धक्का दिया तो उसने तमंचा निकाल लिया और कहा कि अगर किसी को बताया तो तेजाब डाल देगा या मार देगा। परीक्षाएं शुरू हैं, लेकिन अब बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। शिकायत पर आरोपी बोला- जो करना है कर लो
छात्रा के पिता ने कहा- मेरी बेटी दो महीने से परेशान थी, लेकिन उसने शुरुआत में नहीं बताया। बाद में बोली कि एक लड़का पीछा करता है। मैंने आरोपी को समझाया था कि हमारी बेटी को परेशान न करो। उसने हंसकर कहा कि उसने कुछ नहीं किया। कुछ दिन बाद पता चला कि आरोपी रास्ता रोककर अश्लील बातें कर रहा है। दूसरी बार मैंने उसे डांटा तो उसने बदतमीजी करते हुए कहा जो करना है कर लो। 24 नवंबर की शाम वह घर में घुस आया। और गलत हरकतें कर रहा था और तमंचा दिखाकर धमकी दे रहा था। 25 से शुरू हुईं परीक्षाएं डरी है छात्रा
पिता ने कहा- मेरी बेटी बार-बार कह रही थी, अगर वह तेजाब डाल देता तो? यह सुनकर मैं तुरंत पुलिस के पास गया और रिपोर्ट दर्ज कराई। मेरी बेटी की परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन वह डर के कारण अकेले कहीं नहीं जा पा रही। मुझे बस उसकी सुरक्षा चाहिए। थानाध्यक्ष आशीष सिंह ने कहा- छात्रा और परिवार से बात की गई। आरोपी की बाइक कब्जे में लेकर उसकी पहचान की गई। दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर छेड़छाड़, घर में घुसकर हमला, जान से मारने की धमकी और तमंचा दिखाने की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। परीक्षाओं के दौरान छात्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। ——————— ये खबर भी पढ़ें… यूपी में बच्ची के सिर से गुजरा डंपर, VIDEO:मां चीखकर बोली- पति के बाद बेटी छीन ली…भगवान मुझ पर दया नहीं आती मैनपुरी में सड़क हादसे में 6 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार को बच्ची ममेरी बहन के साथ स्कूटी से स्कूल जा रही थी। रास्ते में पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। स्कूटी सवार दोनों गिर गई। डंपर का पहिया बच्ची के सिर पर से गुजर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन जख्मी हो गई। पढ़ें पूरी खबर…