प्रयागराज में मंगेतर बोला- रेप पीड़ित छात्रा से शादी करूंगा:उसने नहीं, दरिंदों ने गलती की…सजा दिलाकर ही रहूंगा

‘मेरी शादी 9वीं की छात्रा से तय थी। पिता की मौत के कारण शादी की तारीख रद्द कर दी गई थी। इसी बीच मेरी मंगेतर के साथ दरिंदगी हो गई। इसमें उसकी कोई गलती नहीं है। मैं अब भी उसी से शादी करूंगा। दरिंदे को सजा दिलाकर रहूंगा।’ यह कहना है प्रयागराज के उस युवक का, जिसकी मंगेतर के साथ 1 नवंबर को रेप हुआ। घटना वाले दिन से ही वह अपनी मंगेतर के साथ है। उसने थाने जाकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद युवक ने पीड़ित छात्रा से ही शादी करने की बात कही है। फिलहाल, पुलिस 6 नवंबर को आरोपी सूरज मौर्या को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सूरज ने छात्रा से इंस्टाग्राम पर दोस्ती की, फिर उसके साथ दरिंदगी की। पुलिस अब उसके उन दो साथियों की तलाश में जुटी है।
जानिए पूरी कहानी… मऊआइमा थाना के एक गांव की रहने वाली छात्रा से पड़ोसी गांव के रहने वाले सूरज मौर्या नाम के युवक ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती की। छह माह से वह चैटिंग कर रहा था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। 1 नवंबर की शाम करीब पांच बजे सूरज ने छात्रा को फोन कर कहा कि वह मिलने आ जाए, बहुत जरूरी काम है। छात्रा को लगा कि उसके रिश्ते की बात किसी को पता चल गई है। वह सूरज के बताए स्थान पर पहुंची। बसरही गांव स्थित प्राइमरी विद्यालय के पास सूरज अपने दो दोस्तों के साथ खड़ा था। छात्रा के पहुंचने पर वह उसे स्कूल के बगल बने कमरे में ले गया। उसके दोस्त बाहर ही खड़े रहे। दोनों के अंदर पहुंचते ही दोस्तों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद सूरज ने उससे रेप किया। इस दौरान गांव के कई लोग स्कूल की तरफ आते दिखे, तो दोनों दोस्तों ने बाहर से दरवाजा बंद करके भाग गए। दरवाजा बंद होने के कारण सूरज मौर्या भी बाहर निकल नहीं सका, वह दरवाजा पीटने लगा। इसके बाद उसने अपने दोस्त अनुपम मौर्या को फोन कर बुलाया। अनुपम के पहुंचने से पहले वहां अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए और हंगामा मच गया। ग्रामीणों ने दरवाजा खोला तो युवक और छात्रा बाहर आए। छात्रा का कहना है कि अनुपम ने अपने भाई को वहां से भगा दिया और फिर धमकी दी- तुम्हारा वीडियो बन गया है, हर जगह वायरल कर देंगे, तुम्हें जान से मारवा देंगे। रातभर चली पंचायत, मां ने कराई FIR
इधर, छात्रा के साथ रेप की सूचना मिलने पर उसका मंगेतर पहुंच गया था। उसने कॉल करके पुलिस को सूचना दी थी। 1 नवंबर को गांव के कुछ लोग छात्रा के घरवालों पर समझौते का दबाव बनाने लगे। रातभर दोनों पक्षों की पंचायत चली, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। 2 नवंबर की सुबह मंगेतर छात्रा और उसकी मां को लेकर मऊआइमा थाने पहुंचा और FIR दर्ज करवाई। 2 नवंबर को होनी थी शादी, पिता की मौत से टली
पड़ोस के गांव रहने वाले चाट कारोबारी मंगेतर ने बताया कि मेरी शादी 2 नवंबर को होनी थी। इसी बीच 23 अक्टूबर को मेरे पिता की मौत हो गई थी। ऐसे में शादी टालनी पड़ी। परिवार ने सोचा था कि 4 नवंबर को तेरहवीं के बाद शादी की नई तारीख तय करेंगे। इसी बीच, मेरी मंगेतर से रेप हो गया। इसमें उसकी कोई गलती नहीं है। जब लड़की पर दुखों का पहाड़ टूटा, तब मैं उसका साथ कैसे छोड़ सकता था। मैं जल्द ही उस छात्रा से शादी करूंगा। थाना प्रभारी पंकज अवस्थी ने बताया- छात्रा की मां की तहरीर पर रेप का केस दर्ज किया गया है। लड़की का बयान भी लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा। ————— ये खबर भी पढ़ें…. जिस लड़की से हुआ गैंगरेप, वकील ने उसका रेप किया: आगरा में कार में बीयर पिलाई; पुलिस को देखते ही छत से कूदा आगरा में गैंगरेप पीड़िता के साथ आरोपियों के वकील ने रेप किया। वह युवती को समझौता कराने के लिए अपने साथ कार से ले गया। रास्ते में वकील ने युवती को बीयर पिलाई। इसके बाद उसे होटल में ले जाकर घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत एकता थाना पुलिस से की। पुलिस शुक्रवार को आरोपी वकील को पकड़ने उसके घर पहुंची। पढ़ें पूरी खबर…