प्रयागराज में दामाद ने बीच सड़क पर गोली मारकर सास की हत्या कर दी। पहले ससुराल में उसका सास और दामाद से झगड़ा हुआ। इसके बाद गुस्से में सास को घसीटता हुआ घर से सड़क तक लाया। बीच सड़क पर सिर में गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी दामाद फरार हो गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। परिजनों में हत्या को लेकर भारी आक्रोश है। बेटी ने कहा- मेरा पति मुझसे सेक्स रैकेट चलवाना चाहता था। इसी वजह से मैं झगड़ा कर मायके आ गई थी। घटना करेली में काली मंदिर के पास की है। 2 तस्वीरें देखिए… अब जानिए पूरा मामला… अकबरपुर पुरानी मस्जिद के पास आशिया खातून (55) तीन बेटी और चार बेटे के साथ रहती थी। आशिया खातून के पति मुश्ताक अहमद माली की कई साल पहले मौत हो चुकी है। बेटी रिजवाना, फरजाना और चांद बीवी है। चांद बीवी सबसे छोटी है। चार बेटों में नौशाद, मुन्ना, इरशाद और दिलशाद हैं। बेटी चांद बीवी ने 15 साल पहले मो. इरफान से लव मैरिज की थी। उनके एक बेटी, एक बेटा है। अकबरपुर का रहने वाला इरफान 2019 में सऊदी अरब से लौटा था। वह वहां वेल्डिंग का काम करता था। सऊदी से लौटने के बाद उसने 2020 में चांद बीवी से शादी कर ली। फिर सऊदी नहीं गया। प्रयागराज में रहकर वेल्डिंग का काम करने लगा। इरफान और चांद बीवी में विवाद हुआ, तो वह मायके मां के पास रहने लगी। इरफान का पत्नी से झगड़ा चल रहा है। इसी बात को लेकर आज इरफान फिर अपनी ससुराल आया। वहां पर झगड़ा होने लगा। विवाद के बाद इरफान सास को घसीटते हुए घर के बाहर सड़क पर ले आया और उसके सिर में गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक आरोपी भाग चुका था। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। मुझसे सेक्स रैकेट चलवाना चाहता था
बेटी चांद बीवी ने बताया- इरफान मुझसे पहले दोस्त और पहचान वालों को घर लाकर गलत धंधा कराना चाहता था। । इनकार पर मारपीट करने लगा। इसके बाद सीधे सेक्स रैकेट चलवाना चाहता था। इसी वजह से मैं झगड़ा कर मायके आ गई। इसके बाद भी पीछा नहीं छोड़ रहा था। रात में नशा कर मायके आता और मारपीट करता था। 23 दिसंबर को वह शराब पीकर घर पहुंचा और मारपीट कर खींचकर ले जाना चाहता था। मोहल्ले वालों के आने पर वह धमकी देकर चला गया था। मैंने पति के खिलाफ करेली थाने में तहरीर भी दी थी। डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया- सूचना मिली थी एक महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी। पारिवारिक विवाद में दामाद ने हत्या की है। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। —————– ये खबर भी पढ़ें… पुलिस वालों को रौंदने वाले 2 बीटेक स्टूडेंट अरेस्ट:शराब खरीदते समय CCTV से पहचान, एक्सीडेंट के बाद सर्विस सेंटर में खड़ी की कार कानपुर में गंगा बैराज पर 3 पुलिसवालों को रौंदने वाले 2 बीटेक स्टूडेंट्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 3 आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार दोनों छात्रों की पहचान श्याम सुंदर (23) और अभिजीत (22) के रूप में हुई है। पढ़िए पूरी खबर…