प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर मनाया गया बाल दिवस:स्काउट गाइड ने बच्चों के साथ किया देशभक्ति गीतों का आयोजन

बाल दिवस के अवसर पर प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर सफाई कर्मचारियों के बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की उपाध्यक्ष आयुषी भटनागर और इनर व्हील क्लब ऑफ इलाहाबाद मिडटाउन की अध्यक्ष विनती अग्रवाल के संयुक्त प्रयास से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत चाचा नेहरू की फाेटो पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। बच्चों को नेहरू जी के जीवन और उनके बाल प्रेम के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्टेशन निदेशक बी.के. द्विवेदी और के. नारायण, सी.एच.आई./प्रयागराज जंक्शन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके बाद लगभग 80 बच्चों को किताबें, पेंसिल, केला और जलपान वितरित किया गया। स्काउट लीडरों ने बच्चों के साथ देशभक्ति गीत गाए और स्काउटिंग की विभिन्न गतिविधियां कराईं। स्टेशन निदेशक ने बच्चों को स्काउटिंग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मंडल स्काउट गाइड के 20 सदस्य, जिनमें ममता रानी श्रीवास्तव, नूरी सिद्दीकी, मनोज कुमार,अभिषेक कुमार और धीरेन्द्र कुमार शामिल रहे। इसी क्रम में 31 सितंबर 2025 को राजभाषा पखवाड़ा के अवसर पर स्काउट सदस्यों द्वारा प्रस्तुत ‘महिषासुर मर्दिनी’ नृत्य में प्रतिभाग करने वाले 25 सदस्यों को महाप्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी द्वारा घोषित पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में राज्य सचिव संजीव कुमार श्रीवास्तव, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी डॉ. स्वामी प्रकाश पांडेय और वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पांडेय सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कुल 25 स्काउट गाइड सदस्यों को नगद पुरस्कार दिए गए। समारोह में राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) रवि कांत शर्मा और राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) मन्जू जोशी ने प्रतिभागियों का जोश बढ़ाया।