प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत जिन माध्यमिक स्कूलों और स्टूडेंट्स का चयन किया गया है, अब उनका शीघ्र प्रशिक्षण शुरू किया जाए। अगर जल्द प्रशिक्षण न शुरू हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ये निर्देश उप्र कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक पुलकित खरे ने दिए। मंगलवार को उन्होंने मिशन की योजनाओं की समीक्षा की। वर्चुअल माध्यम से सभी जिला समन्वयकों और एमआईएस प्रबंधकों से वह ऑनलाइन जुड़े। उन्होंने कहा कि जीरो पॉवर्टी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए रोजगार मेलों में प्रतिभाग और लाभान्वित होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या का सटीक आंकलन किया जाए। प्रत्येक जिले में तैनात टीम यह सुनिश्चित करे कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवा समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण से लाभान्वित हो सके। 25 नवंबर तक हर हाल में करा जिला स्तरीय प्रतियोगिता कराएं प्रशिक्षण केंद्रों पर पहले ही दिन युवाओं को दो सेट यूनिफॉर्म और पाठ्य सामग्री का वितरण किया जाए। महिलाओं और दिव्यांगों को विशेष कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया जाए। लखपति दीदी योजना के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए कौशल विकास मिशन के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ा जाए। इंडिया स्किल प्रतियोगिता में चयनित युवाओं की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 25 नवंबर तक हर हाल में करा ली जाए।