फतेहपुर में भारतीय वायुसेना के जवान का सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान जान चली गई। वह जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मंगलपुर टकौली के निवासी थे। 22 फरवरी 2026 की शाम घाटमपुर से ऑटो में बैठकर जहानाबाद की ओर आ रहे थे। इसी दौरान वो हादसे का शिकार हो गए। मंगलवार रात कानपुर के सेवन एयर फोर्स हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। देखिए मामले से जुड़ी तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… फतेहपुर के जहानाबाद क्षेत्र में एक वायुसेना जवान दुर्घटना के शिकार हो गए। जवान की पहचान विवेक सचान (30) पुत्र चंद्रशेखर सचान ग्राम मंगलपुर टकौली के रुप में हुई है। रविवार की शाम ऑटो में बैठकर जहानाबाद की ओर आ रहे थे तभी कुआं खेड़ा थाना सजेती क्षेत्र के समीप एक कार और ऑटो की आमने-सामने की भिड़ंत में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत घाटमपुर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया था। घाटमपुर में ही इनका आवास भी था। वह वर्ष 2013 में भारतीय वायुसेना में चयनित हुए थे। इनके परिवार में मां प्रभादेवी सचान पत्नी शिल्पी सचान और उनका एक तीन वर्षीय पुत्र सात्विक है। वर्तमान में वह पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा में एयर एयरक्राफ्ट पद पर कार्यरत थे। जवान विवेक सचान का अंतिम संस्कार बुधवार शाम लगभग 6 बजे उनके पैतृक गांव मंगलपुर टकौली में पूरे सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान दार्जिलिंग से एयरक्राफ्ट बटालियन की एक टुकड़ी के सैनिकों ने सम्मानपूर्वक सलामी दी और फायरिंग की। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र सिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित थे।