उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में मकबरे में तोड़फोड़ के बाद अब एक मजार को तोड़ने का मामला सामने आया है। बजरंग दल नेता ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर पुरानी मजार को तोड़ दिया। इस घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें हिंदूवादी नेता नरेंद्र हिंदू मजार पर खड़े होकर कह रहे हैं- देश में रहने के लिए भारत के संविधान, राष्ट्रगान और वंदे मातरम् के प्रति समर्पण दिखाना होगा। ये बांग्लादेश नहीं है जहां हिंदू को उल्टा टांगकर केरोसीन डालकर जिंदा जला दिया जाए। ये हिंदुस्तान है, यहां जिहादी मानसिकता नहीं चलेगी। वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया। आनन फानन में पुलिस ने 9 लोगों पर केस दर्ज करके आरोपी नरेंद्र हिंदू को गिरफ्तार कर लिया। वो बजरंग दल का भिटौरा प्रखंड संयोजक है। मामला हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मवई गांव का है। मजार तोड़ने की दो 2 तस्वीरें… 15 मिनट में तोड़ डाली मजार
बजरंग दल नेता नरेंद्र हिंदू मंगलवार को मवई गांव में सड़क किनारे बनी एक मजार पर अपने 10 से 15 समर्थकों के साथ पहुंचा। वह मजार को तोड़ता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि पहले एक युवक मजार को हथौड़े से तोड़ता है। फिर नरेंद्र खुद हथौड़ा हाथ में ले लेता है। वह खुद मजार के ईंटे तोड़ने लगता है। करीब 15 मिनट में पूरी मजार को तोड़ दिया गया। भास्कर पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दे सकते हैं… गांव में तनाव, 3 थानों की फोर्स
मजार तोड़ने का वीडियो सामने आने के बाद बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह, एसडीएम सदर और हुसैन गंज थाना प्रभारी मवई गांव पहुंचे। तोड़ी गई मजार को देखा। गांव में तनाव को देखते हुए तीन थानों का फोर्स तैनात कर दी गई। थोड़ी देर बाद ही आरोपी नरेंद्र हिंदू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय समर्थकों के साथ मवई थाने पहुंचे और बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज करने का विरोध किया। उन्होंने इस मामले में उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है। गांव के लोग बोले- आजादी के पहले बनी वली बाबा की मजार गांव के लोगों ने बताया- गांव के रहने वाले वली शाह बाबा पहलवान थे। वो जहां से भी पहलवानी जीतकर आते थे तो वहां की मिट्टी अपने साथ लेकर आते और इसी जगह पर इकट्ठा किया करते थे। उनकी मौत के बाद ही यहां मजार बना दी गई। ये वली शाह बाबा की मजार आजादी के पहले से बनी है। गांव के बुजुर्गों का मानना है कि जब कोई बच्चा कमजोर या बीमार होता है तो इस मजार की मिट्टी को लगाने से रोग दूर हो जाते हैं। SI ने दी तहरीर, 9 लोगों पर केस
मजार में तोड़फोड़ के बाद SI कुंवर प्रखर सिंह ने थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि मवई गांव में जय बहादुर के मकान के पास नाली से सटकर बनी वली शाह बाबा की मजार को नरेंद्र समेत कई लोगों ने हथौड़े से तोड़ा और भड़काऊ भाषण दिया। जिसके बाद नरेंद्र हिन्दू, राहुल अग्निहोत्री, गोलू पंडित, कुलदीप मिश्रा, शोभराज समेत 4 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडे ने कहा- नरेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, अन्य नामजद लोगों की तलाश की जा रही है। मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। 4 महीने पहले मकबरे में तोड़फोड़ कर फहराया था भगवा झंडा फतेहपुर में ही 11 अगस्त 2025 (सोमवार) को अचानक बजरंग दल, हिंदू महासभा समेत कई हिंदू संगठनों के 2 हजार लोग ईदगाह में बने मकबरे पर पहुंच गए। पुलिस ने पहले से मकबरे के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी थी, लेकिन लाठी-डंडे से लैस हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मकबरे को मंदिर बताकर तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। कुछ युवकों ने मकबरे की छत पर चढ़कर भगवा झंडा लगा दिया। हिंदू महासभा के नेता मनोज त्रिवेदी भीड़ के साथ मकबरे के अंदर पहुंचे और पूजा करने लगे। मकबरे पर भगवा झंडा और पूजा-पाठ देख मुस्लिम समुदाय के लोग भड़क गए। करीब डेढ़ हजार मुस्लिम ईदगाह पहुंच गए। इसके बाद दोनों तरफ से पथराव होने लगा। इस मामले में पुलिस ने 10 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। 75 पन्नों की रिपोर्ट सीएम योगी आदित्यनाथ को भेजी गई थी। 10 सितंबर को कोर्ट ने इस स्थल पर मुतवल्ली नियुक्त किया था। मामले में फतेहपुर कोर्ट में सुनवाई चल रही है। ———— ये खबर भी पढ़ें सुसाइड से पहले इंजीनियर ने पेनड्राइव में सबूत रखे:कैशियर की पत्नी की 100 से ज्यादा ऐसी तस्वीरें, जिसे दिखा नहीं सकते यूपी के गोंडा में इंजीनियर अभिषेक श्रीवास्तव सुसाइड केस में अब नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इंजीनियर के कमरे से 8 जीबी की पेनड्राइव मिली है। इसमें 100 से ज्यादा वीडियो कॉल के अश्लील स्क्रीनशॉट मिले हैं। इसमें सोनल सिंह अश्लील हरकत करते हुए दिख रही है। तस्वीरें ऐसी हैं, जिन्हें दिखाया नहीं जा सकता। इंजीनियर हंसता हुआ नजर आ रहा है। पूरी खबर पढ़ें