फतेहपुर में मंदिर की एंट्री गेट पर एक युवक की लाश मिली है। पत्नी की दो दिन बाद डिलीवरी होने वाली थी। घर से करीब एक किलोमीटर दूर मिले शव के गले में रस्सी बंधी थी जिसका एक सिरा मंदिर के घंटे में बंधा था। उसके घुटने मुड़े हुए थे। ऐसा लग रहा था कि वह जमीन पर घुटने मोड़कर बैठा हुआ है। सोमवार सुबह करीब 7.30 बजे लोगों ने मंदिर में शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर थरियांव थानाक्षेत्र के सखियाव गांव की है। युवक की पहचान अचितपुर के रहने वाले सुशील कुमार के रूप में हुई है। वह भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयता वादी ग्रुप) का कार्यकर्ता था। यूनियन के लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो घटनास्थल पर पहुंचकर हंगामा और प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे। पहले तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से जानिए… सखियाव गांव के बाहर बाजहा बाबा का मंदिर है। गणतंत्र दिवस की सुबह करीब 7:30 बजे कुछ लोग पूजा करने पहुंचे तो देखा गेट पर एक युवक की लाश घंटे से लटक रही है। मंदिर में लाश मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।देखते ही देखते काफी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान कराई। युवक की पहचान पड़ोस गांव अचितपुर के रहने वाले युवक सुशील कुमार मौर्या (30) पुत्र पीतांबर लाल के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। सुशील के छोटे भाई पप्पू मौर्या ने आरोप लगाया- मेरे भाई की हत्या की गई है। वह रविवार रात 10 बजे खेतों की रखवाली के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद ही उसका फोन स्विच ऑफ आने लगा। पिता पीतांबर लाल उर्फ भोले खोजने निकले, पर कुछ पता नहीं चला। सुबह कुछ महिलाएं खेतों की ओर जाते हुए लाश देखी और सूचना दी। भाकियू ने प्रदर्शन किया, बोले- हत्या की गई उधर, जानकारी होने के बाद भाकियू कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। भाकियू ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा और प्रदर्शन शुरू कर दिया। यूनियन के नेताओं ने कहा- जिस अवस्था में शव मिला है उससे साफ है कि आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। पुलिस अपनी लापरवाहियां छिपाने के लिए सुसाइड करार दे रही है। थरियांव थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि बाजहा बाबा मंदिर के गेट पर युवक का शव फांसी पर लटका होने की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 4 भाई में दूसरे नंबर पर था सुशील पिता पीतांबर लाल उर्फ भोले ने बताया- सुशील 4 भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़ा भाई अनिल कुमार कानपुर में प्राइवेट नौकरी करता है। तीसरे नंबर का भाई सुनील पिता के साथ खेती-बाड़ी करता है। जबकि चौथा और सबसे छोटा भाई बराती लाल उर्फ पप्पू विकलांग है। सुशील अपने बड़े भाई अनिल के साथ ही कानपुर में टाइल्स लगाने का काम करता था। 4 साल पहले हुई थी शादी, पहली बार पिता बनने वाला था पिता ने बताया- सुशील की 4 साल पहले केशवपुर मेलहाया गांव की रहने वाली तेजरानी से शादी हुई थी। तेजरानी गर्भवती है। 2 दिन बाद ही उसकी पहली बार डिलीवरी होनी है। पत्नी की डिलीवरी के लिए तीन दिन पहले ही सुशील छुट्टी लेकर गांव लौटा था। डिलीवरी के लिए पत्नी के गहने 25 हजार रुपए में गिरवी रखे थे। भाकियू जिलाध्यक्ष बोले- पुलिस कह रही, आज 26 जनवरी है, बाद में आएंगे भाकियू राष्ट्रातीयता वादी के जिलाध्यक्ष रिशु ठाकुर ने कहा- मृतक हमारे संगठन में सदस्य था और खेत की रखवाली करने गया था। जिसकी हत्या कर फांसी के फंदे पर लटका दिया गया है। जब हमने थाना पुलिस को सूचना दिया तो कहा कि आज 26 जनवरी का दिन है बाद में आते हैं। जब हमने प्रयागराज में बैठे बड़े पुलिस अधिकारी एडीजी को इस मामले की सूचना दिया तो थाने की पुलिस आयी। हमारे संगठन की मांग है की हत्या का खुलासा जल्द किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय नही मिला तो हाइवे को जाम करने के साथ धरना प्रदर्शन होगा। ———————————————- ये खबर भी पढ़िए… कानपुर में टीचर ने की नाबालिग की हत्या:स्कूल के पास मिलने बुलाया, चाकू से गला रेता, मरने से पहले खुद बताया हत्यारे का नाम कानपुर देहात में टीचर ने 11वीं के छात्र की हत्या कर दी। उसने छात्र को मिलने के लिए स्कूल के पास बुलाया और चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। हमले के बाद लहूलुहान हालत में सौरभ जान बचाने के लिए पास के पेट्रोल पंप की ओर भागा। वहां मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल छात्र को देखा और तत्काल उसकी बहन को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। पढ़िए पूरी खबर…