फर्रुखाबाद में घर में घुसकर मारपीट:होली के दिन हुई घटना में पांच लोग घायल, अस्पताल में भर्ती

फर्रुखाबाद जनपद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला ढुइयाँ में होली के दिन कहासुनी के बाद दबंगों ने एक घर में घुसकर मारपीट की। इस घटना में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के भाई जनवेश ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:00 बजे शिवम् सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। तभी अंकुल, चंदन और उनके साथियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने शिवम् के साथ मारपीट की और उसका हाथ ठेला चढ़ाने का भी प्रयास किया। परिजनों के अनुसार, इस शुरुआती हमले के बाद आरोपी घर में घुस आए और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की। घायल मुन्नी देवी ने बताया कि होली के अवसर पर घर में घुसकर की गई इस मारपीट में पांच लोग चोटिल हुए। घायलों में शिवम्, राजवीर, सर्वेश (पुत्र अहबरन), करीना (पुत्री सर्वेश) और सर्वेश की मां मुन्नी देवी शामिल हैं। सभी घायलों को पहले लिंजीगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और जांच में जुट गई है।