फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के कानपुर रोड पर हंगामा हो गया। हादसे के बाद मारपीट की सूचना पर पहुंचे पीआरवी सिपाहियों से मारपीट की गई। उनकी वर्दी फाड़ दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना शनिवार रात की है। थाना कादरीगेट के भाऊपुर निवासी अनूप अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी गांव के पास उसकी बाइक की एक कार से टक्कर हो गई। टक्कर में अनूप घायल हो गया। कार चालक घायल अनूप को तुरंत फतेहगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गया। घटना की सूचना मिलते ही घायल अनूप के परिजन अस्पताल पहुंच गए और कार चालक से विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख सूचना पर पीआरवी के सिपाही राहुल मलिक व एक अन्य सिपाही मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि घायल के परिजनों ने सिपाही के साथ भी मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी। स्थिति बिगड़ने पर फतेहगढ़ कोतवाल रणविजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद हंगामा शांत कराया और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पीआरवी सिपाही राहुल मलिक की तहरीर पर कोतवाली फतेहगढ़ में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और वर्दी फाड़ने का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।