फर्रुखाबाद में बाइकों की भिड़ंत, सैनिक समेत दो की मौत:पत्नी-बच्चे संग घर लौट रहा था, हादसे में चार घायल

फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम सड़क हादसे में सेना के एक जवान सहित दो लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में चार अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम महरूपुर बीजल के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में कन्नौज जनपद के सौरिख थाना क्षेत्र स्थित शिवसिंहपुर गांव निवासी 35 वर्षीय विनीत पुत्र राजेंद्र शामिल हैं। विनीत भारतीय सेना में कार्यरत थे और वर्तमान में जम्मू में तैनात थे। वह छुट्टी पर घर आए हुए थे। परिजनों के अनुसार, विनीत अपनी पत्नी निशा और 7 वर्षीय पुत्र रोहन के साथ फर्रुखाबाद के मसेनी रामनगर स्थित अपने आवास पर लौट रहे थे। ग्राम महरूपुर बीजल के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे विनीत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार एक अन्य युवक को डायल 112 पुलिस ने गंभीर हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कमालगंज थाना क्षेत्र के कतरौली पट्टी निवासी अंकित पुत्र कुंवरपाल के रूप में हुई है। इस हादसे में जहानगंज थाना क्षेत्र के तरा नगला निवासी 18 वर्षीय ओमवीर पुत्र रामतीर्थ और 17 वर्षीय राजकुमार पुत्र सुभाष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सैनिक विनीत की पत्नी निशा और पुत्र रोहन भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल लोहिया में चल रहा है। अंकित के पिता ने बताया कि उनका बेटा दरियागंज में अपनी बुआ के पास रहता था। उन्हें हादसे की सूचना फोन पर मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। वही दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। देखिए फोटो…