फर्रुखाबाद जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह घटना स्टेट हाईवे पर बांसी अड्डा के पास हुई। जानवरों को लेकर जा रही पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायलों की पहचान कमालगंज थाना क्षेत्र के बलीपुर निवासी अमित और उसके पड़ोसी अनुराग के रूप में हुई है। अमित ने मार्च 2025 में शाहजहांपुर के मिर्जापुर से किस्तों पर बाइक ली थी। वे सोमवार को इसी बाइक की किस्त जमा करने मिर्जापुर गए थे और देर शाम अपने गांव बलीपुर लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर अमृतपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई थी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिस ने अपनी गाड़ी से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद, दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में उनका इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों के परिजनों ने अस्पताल में बताया कि वे बाइक की किस्त जमा करने मिर्जापुर गए थे। थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर थाने ले गई है।