फर्रुखाबाद में शीतलहर के चलते स्कूलों में 2 दिन छुट्टी:बीएसए ने 12वीं तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों को दिए आदेश

फर्रुखाबाद में भीषण सर्दी के प्रकोप को देखते हुए सोमवार और मंगलवार को सभी विद्यालय बंद रहेंगे। यह आदेश नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विश्वनाथ प्रताप सिंह ने इस संबंध में एक पत्र जारी किया है। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जिले में शीत लहर के चलते दो दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिले में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पिछले तीन दिनों से जिले में धूप नहीं निकली है, जिससे घना कोहरा और गलन भरी ठंड महसूस की जा रही है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश केवल छात्रों के लिए है। सभी शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालयों में उपस्थित होकर विभागीय कार्य संपन्न करेंगे। बीएसए ने इस आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।