फिट इंडिया की दिशा में कदम:एसएन सेन बालिका पीजी कॉलेज में ओपन जिम की शुरुआत, स्वस्थ युवा से बनेगा सशक्त राष्ट्र

एस.एन. सेन बालिका विद्यालय पीजी कॉलेज में छात्राओं के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ओपन जिम का उद्घाटन विधायक सलिल बिश्नोई द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की सचिव प्रो. प्रोवीर कुमार सेन, संयुक्त सचिव शुभ्रो सेन, कोषाध्यक्ष श्रीमती दीपा श्री सेन, प्राचार्या प्रो. सुमन सहित विधायक सलिल बिश्नोई उपस्थित रहे। सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के पश्चात प्राचार्या ने विधायक का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। विधायक निधि से बना ओपन जिम महाविद्यालय में स्थापित ओपन जिम का निर्माण विधायक की निधि से कराया गया है। इस पहल में शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रो. प्रीति पांडे का विशेष योगदान रहा। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया था, क्योंकि मजबूत शरीर में ही मजबूत मन का विकास होता है। फिट इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम प्राचार्या प्रो. सुमन ने कहा कि फिट इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों की सफलता के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना जरूरी है। वहीं विधायक सलिल बिश्नोई ने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होते हैं, इसी भावना के तहत कॉलेज में ओपन जिम की स्थापना की गई है। राष्ट्रीय युवा दिवस पर विवेकानंद को किया याद
कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया गया। वक्ताओं ने उनके प्रेरक विचार “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” को युवाओं के लिए मार्गदर्शक बताया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन
संगीत विभाग की छात्राओं ने गीत प्रस्तुत कर वातावरण को संगीतमय बनाया। कार्यक्रम की साज-सज्जा कला विभागाध्यक्ष डॉ. रचना ने की, जबकि आयोजन एवं व्यवस्थाओं में हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. शुभा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रो. मीनाक्षी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।