फिरोजाबाद में एका थाना क्षेत्र के नगला पसी गांव के पास गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मुन्नालाल सरवपुर और रामदास चिमरारी के खेतों के बीच एक नाली के किनारे पेड़ के नीचे पड़ा मिला। मृतक के गले में मफलर से फंदा कसा हुआ था, जिसका दूसरा सिरा खुला हुआ था। पेड़ के नीचे सफेद जूते उतरे हुए मिले, जबकि व्यक्ति ने मोजे पहने हुए थे। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति ने पेड़ पर फांसी लगाई थी, जिससे डाल टूट गई। पुलिस के अनुसार, शव करीब चार दिन पुराना लग रहा है। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच कराई जा रही है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है, जिसका रंग सांवला और कद करीब 5 फीट 6 इंच है। उसने काली-सफेद जर्सी, बैंगनी लोअर और सफेद शर्ट पहनी हुई थी। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।