फिरोजाबाद में पचोखरा पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने शनिवार देर शाम मुठभेड़ के बाद शातिर चोर अवधेश को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, निहाल सिंह की पुलिया के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। मौके पर दबिश के दौरान दो संदिग्ध दिखे। इनमें से अवधेश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें अवधेश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। 24 नवंबर की चोरी में था शामिल अवधेश की गिरफ्तारी 24 नवंबर की रात हुई चोरी की घटना से जुड़ी है। एक घर से तीन मोबाइल और नकदी चोरी हुई थी। थाना पचोखरा में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान अवधेश और उसके साथी गुलशन के नाम सामने आए थे। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और चोरी का मोबाइल बरामद किया। एक सक्रिय पेशेवर चोर पुलिस के अनुसार अवधेश का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ 18 से अधिक मुकदमे चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, अपहरण और आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह एक सक्रिय पेशेवर चोर है और लंबे समय से विभिन्न इलाकों में चोरी की वारदातें कर रहा था। इस कार्रवाई में शामिल टीम में थानाध्यक्ष पचोखरा अमित तोमर,एसओजी/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक प्रेमशंकर पांडेय,वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह,उपनिरीक्षक पुनीत कुमार,हेड कांस्टेबल अमित गौतम,कांस्टेबल देवेंद्र सिंह, पार्थिव गौतम और अंकित मलिक शामिल रहे। घायल अवधेश को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी गुलशन की तलाश जारी रखे हुए है।