फिरोजाबाद के कछवाई गांव में गुरुवार देर शाम एक सड़क हादसे में छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बालक की पहचान 6 वर्षीय कृष्णा पुत्र चंद्रभान सिंह उर्फ बबलू निवासी कछवाई के रूप में हुई है। कृष्णा अपने घर के पास खड़ा था, तभी मुस्ताबाद-अवागढ़ रोड की तरफ से आ रही एक बुलेट बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर गया। परिजन उसे तुरंत फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि कृष्णा का जन्म चार बेटियों के बाद 6 साल पहले हुआ था। थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक की टक्कर से एक बालक की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल फरार बाइक सवार की तलाश कर रही है।