फिरोजाबाद में विवाहिता ने की आत्महत्या:प्रेमी ने भी खुद का गला रेता, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

फिरोजाबाद में प्रेम संबंधों के चलते एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। महिला की मौत की खबर मिलने के बाद उसके प्रेमी ने भी अपनी गर्दन पर ब्लेड से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, थाना टूंडला क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती के पड़ोस के युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध थे। लगभग तीन साल पहले परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो युवती की शादी कहीं और कर दी गई। शादी के बाद उसने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन बताया जा रहा है कि उसका प्रेमी से संपर्क बना रहा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे। कुछ समय बाद विवाहिता अपने पति को छोड़कर मायके आकर रहने लगी। वह अपने प्रेमी के साथ पहले की तरह चूड़ियों पर नग लगाने का काम कर अपनी बच्ची का पालन-पोषण कर रही थी। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने को लेकर समाज और परिजनों के तानों से महिला परेशान थी। आशंका है कि इसी मानसिक दबाव के चलते शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे उसने घर के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब तक परिजन उसे नीचे उतारते, उसकी मौत हो चुकी थी। प्रेमिका की मौत की सूचना मिलते ही युवक बदहवास हो गया। उसने हाईवे स्थित एक होटल के सामने ब्लेड से अपनी गर्दन पर कई वार किए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि महिला द्वारा आत्महत्या की सूचना पर पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान युवक द्वारा आत्महत्या के प्रयास की सूचना मिली। घायल युवक का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। महिला ने आत्महत्या क्यों की, इसके कारणों की गहन जांच की जा रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।