फिरोजाबाद में 3.44 लाख मतदाता सूची से हटाए गए:19.02 लाख में 15.57 लाख वोटर्स का डिजिटलीकरण, 53,433 मृतक में दर्ज

फिरोजाबाद जिला प्रशासन ने मंगलवार को एसआईआर सर्वे के बाद नवीन मतदाता सूची जारी कर दी है। इस सूची से 3.44 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। सर्वे से पहले जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 19.02 लाख से अधिक मतदाता थे। हटाए गए मतदाताओं में वे लोग शामिल हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जो दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो गए हैं, या जिनके नाम मतदाता सूची में दो बार दर्ज थे। इसके अतिरिक्त, कुछ अन्य कारणों से भी नाम हटाए गए हैं। चुनाव आयोग ने बिहार में एसआईआर सर्वे पूरा होने के बाद 28 अक्टूबर से फिरोजाबाद में यह कार्य शुरू कराया था। जिला प्रशासन ने दो हजार से अधिक बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को घर-घर जाकर गणना पत्रक उपलब्ध कराने और जमा कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। यह सर्वे 28 दिसंबर तक चला। विशेष अभियान के तहत बीएलओ द्वारा कुल 3,44,755 मतदाताओं की मैपिंग की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 19.02 लाख मतदाताओं में से 15.57 लाख मतदाताओं का डिजिटलीकरण किया गया। हटाए गए नामों में 53,433 मृत मतदाता, 86,260 अनुपस्थित, 1,65,613 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 34,627 दोहरे मतपत्र वाले और 4,822 अन्य मतदाता शामिल हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, विशु राजा ने बताया कि नवीन मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। प्रकाशित मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों पर भेजी गई है, ताकि मतदाता इसका अवलोकन कर सकें। इस संबंध में दावे और आपत्तियां 6 फरवरी तक स्वीकार की जाएंगी, जिनका निस्तारण 27 फरवरी तक किया जाएगा। बीएलओ के पास कर सकते हैं आवेदन यदि कोई मतदाता एक जनवरी 2026 की तिथि के अतिरिक्त एक अप्रैल 2026, एक जुलाई 2026, एक अक्तूबर 2026 को मतदाता बनने के पात्र बन रहे हैं, तो ऐसे मतदाता अपने नाम सूची में दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भरें और उसे अपने बीएलओ के पास अग्रिम रूप से जमा कर सकते हैं। इनके नाम वोटर लिस्ट में शामिल किए जाएंगे। मैपिंग नहीं कराने वाले मतदाताओं को भेजे जाएंगे नोटिस जिले के 1.40 लाख मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है। अब जिला प्रशासन ने बीएलओ के माध्यम से संबंधित मतदाताओें को नोटिस देने की तैयारी कर ली है। इतनी बड़ी संख्या में नोटिस बनाने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। अब बीएलओ के माध्यम से इन मतदाताओं को नोटिस थमाए जाएंगे।