फ्लाईओवर से 30 फीट नीचे गिरी कार, पिता की मौत:बेटा घायल, गाजियाबाद में 100 की स्पीड में रेलिंग तोड़कर PWD कैंपस में गिरी

गाजियाबाद में 100 की स्पीड में चल रही कार रेलिंग तोड़ते हुए फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है। 30 फीट नीचे गिरने के बाद कार बुरी तरह डैमेज हो गई। चीख-पुकार सुनकर राहगीर पहुंचे और बाप-बेटे को किसी तरह बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से दोनों को यशोदा अस्पताल ले जाया गया। यहां गंभीर रूप से घायल पिता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके बेटे प्रिंस का इलाज चल रहा है। हादसा हापुड़ रोड पर सिहानी गेट थाने के सामने तड़के 3.15 बजे हुआ। मृतक की पहचान मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के जागृति विहार निवासी राकेश सिंह के रूप में हुई है। 4 तस्वीरें देखिए- बेटा ड्राइव कर रहा था, पिता आगे बैठे थे कार (UP14 FC 9453) को प्रिंस चला रहे थे, जबकि उनके पिता राकेश सिंह आगे की सीट पर बैठे थे। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि फ्लाईओवर पर झपकी आने से कार का बैलेंस बिगड़ा। उस वक्त कार की स्पीड करीब 100 किमी प्रति घंटा रही होगी। इसके बाद कार कंट्रोल नहीं हुई और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार जिस साइड जमीन पर गिरी थी, उसी ओर राकेश सिंह दबे थे। उन्हें दूसरी विंडो से निकाला गया। एक एयरबैग खुला मिला। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां राकेश की मौत हो गई। ओवरब्रिज के नीचे PWD ऑफिस का कैंपस है। गनीमत रही कि नीचे कोई मौजूद नहीं था। ACP सिहानी गेट उपासना पांडेय ने बताया- हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। बेटे का इलाज चल रहा है। कार कैसे गिरी, इसकी जांच कराई जा रही है। मूल रूप से कासगंज के रहने वाले थे राकेश सिंह
राकेश सिंह मूल रूप से कासगंज के भुजपुरा गांव के रहने वाले थे। रात में अपने गांव कासगंज के लिए निकले थे। इससे पहले एक कार्यक्रम में गए थे। जहां रात में ही लौटे थे। वह प्राइवेट जॉब करते थे। राकेश के घर पर पत्नी, दो बेटी और दो बेटे हैं।
————————————- ये खबर भी पढ़िए- पलायन के पोस्टर…हनुमान चालीसा फिर गुरुद्वारे के बाहर मीट: मेरठ के हिंदू एरिया में मुस्लिम के मकान खरीदने पर बवाल यूपी के मेरठ में हिंदू-सिख बाहुल्य क्षेत्र में एक मुस्लिम व्यक्ति के मकान खरीदने से शुरू हुआ विवाद अब कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनता जा रहा है। पहले दिन स्थानीय लोगों ने पलायन के पोस्टर लहराए। दूसरे दिन हिंदू संगठनों ने पुलिस स्टेशन में हनुमान चालीसा पढ़ी। तीसरे दिन इसी मकान के बगल में गुरुद्वारे के बाहर स्कूटी सवार अज्ञात व्यक्ति मीट फेंककर चले गए। पढ़ें पूरी खबर…